मथुरा। श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष और कृष्ण जन्मभूमि केस के प्रमुख पक्षकार दिनेश फलाहारी ने बताया कि प्रयागराज हाई कोर्ट में पिछली सुनवाई के दौरान हिंदू पक्ष की ओर से दाखिल प्रार्थना पत्र पर बहस हुई। इस प्रार्थना पत्र में मांग की गई थी कि मथुरा स्थित मस्जिद को भी संभल और अयोध्या की तरह विवादित ढांचा घोषित किया जाए। मुस्लिम पक्ष ने न्यायालय में इस मांग का विरोध किया। उनका कहना था कि यदि मस्जिद को विवादित ढांचा घोषित कर दिया गया, तो वहां नमाज पढ़ना संभव नहीं रहेगा, इसलिए इसे ईदगाह मस्जिद ही रहने दिया जाए। हिंदू पक्ष की ओर से न्यायालय में दलील दी गई कि मथुरा में मुस्लिम समाज ने वर्ष 1992 से ही नमाज पढ़ना शुरू किया है और उनके पास ऐसा कोई भी ऐतिहासिक या कानूनी प्रमाण नहीं है, जिससे यह साबित हो सके कि यह स्थान प्राचीन काल से मस्जिद रहा है।
स्काउट गाइड संस्था के जिला सचिव ने प्याऊ कैंप में पहुंचकर बच्चों की सेवा भावना को सराहा
सलोन, रायबरेली। उत्तर प्रदेश स्काउट गाइड संस्था रायबरेली के जिला सचिव शत्रुघ्न सिंह ने सलोन बस स्टॉप पर चल रहे नि:शुल्क प्याऊ कैंप का आठवें दिन औचक निरीक्षण किया। इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी राजकुमार सिंह और भोला सिंह जगतपुर भी उनके साथ मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान जिला सचिव ने जिला ट्रेनिंग कमिश्नर गाइड डॉक्टर साधना शर्मा की सराहना करते हुए बच्चों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस भीषण गर्मी में यात्रियों के लिए नि:शुल्क प्याऊ कैंप किसी वरदान से कम नहीं है। स्काउट गाइड के नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा किया जा रहा यह सेवा कार्य अत्यंत सराहनीय है और उन्होंने सभी का दिल जीत लिया है। डॉ. साधना शर्मा ने आगंतुकों का स्वागत करते हुए कैंप की विस्तृत जानकारी दी।
शोभायात्रा के दौरान बाबा के भजनों पर झूमे भक्त
रायबरेली। बाबा नगर में सोमवार को नवनिर्मित मंदिर बाबा श्री शिवाय संकटमोचन धाम में विधि विधान से हनुमान जी महाराज की मूर्ति की स्थापना की गई। मूर्ति स्थापना से पूर्व भव्य शोभायात्रा का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए। यह शोभायात्रा मलिकमऊ, गोल चौराहा, सिविल लाइन, डिग्री कॉलेज चौराहा, चंदापुर कोठी धाम होते हुए मंदिर प्रांगण तक पहुंची। यात्रा के दौरान भक्तों ने बाबा के भजनों पर जमकर नृत्य किया और भक्ति भाव में लीन नजर आए। इस अवसर पर अरुण सिंह (बाबा), आशीष दीक्षित, राजेश सिंह, प्रभाकर, राजदीप, अंकित शर्मा, अतुल सिंह, मोनू सिंह, उमेश पाण्डेय, प्रशांत सिंह सहित बाबा ग्रुप के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
बिन मौसम बारिश ने खोली नगर पालिका की पोल
शिकोहाबाद। नगर में रविवार सुबह पांच बजे हुई बारिश के चलते जल भराव की समस्या गहरा गई। थोड़ी देर की बारिश ने ही नगर की गलियों और मुख्य मार्गों को जलमग्न कर दिया। निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। खासतौर पर थाने के सामने जल भराव होने के कारण न केवल राहगीरों को बल्कि थाना पुलिस और फरियादियों को थाने आने-जाने में काफी दिक्कत हुई। बारिश रुकने के कई घंटे बाद जाकर जल निकासी हो सकी। अल सुबह हुई बारिश ने नगर पालिका की नालों की सफाई की पोल खोल कर रख दी। नगर पालिका द्वारा नालों की तली झाड़ सफाई का कार्य करवाया जा रहा था, लेकिन बारिश ने यह साफ कर दिया कि सफाई व्यवस्था सिर्फ कागजों तक सीमित रही। थाने के सामने सड़क पर करीब दो फीट तक पानी भर गया, जिससे बाजार जाने वाले लोगों, फरियादियों और पुलिस कर्मियों को भारी असुविधा झेलनी पड़ी।
सैनिकों के सम्मान में निकाली भव्य तिरंगा यात्रा
रायबरेली। भारतीय सैनिकों के सम्मान में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री प्रतिभा शुक्ला और सदर विधायक अदिति सिंह के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई। भारी संख्या में आए लोगों ने तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया। वंदे मातरम के नारों से पूरा शहर गूंज उठा। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ जीआईसी मैदान से हुआ, जो नगर के प्रमुख मार्गों—सुपर मार्केट, अंबेडकर चौराहा होते हुए डिग्री कॉलेज चौराहे तक पहुंची। इस आयोजन में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा के दौरान हाथों में तिरंगा थामे लोगों ने ‘भारत माता की जय’, ‘जय हिंद’, और ‘वंदे मातरम’ जैसे नारों से माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने इस अवसर पर कहा कि देश का सम्मान सैनिकों के सम्मान के बराबर होता है। यदि हम अपने सैनिकों को सम्मान देते हैं, तो यह देश के सम्मान के समान होता है। उन्होंने आगे बताया कि भारत सरकार द्वारा पाकिस्तान पर की गई कार्रवाई में ऑपरेशन सिंदूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसमें भारतीय सैनिकों ने साहस और पराक्रम का प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया।
उद्यान मंत्री ने पावरलिफ्टिंग चैंपियन रोमा सिंह को किया सम्मानित
रायबरेली। उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने बछरावां निवासी अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग खिलाड़ी रोमा सिंह से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया। रोमा सिंह ने हाल ही में महाराष्ट्र के कोल्हापुर में आयोजित ‘राष्ट्रीय फुल पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप-2025’ में गोल्ड मेडल हासिल किया है। साथ ही उन्होंने बेंचप्रेस में नया नेशनल रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है। रोमा की इस उपलब्धि के चलते अब उनका चयन एशियन गेम्स के लिए भी किया गया है। अब तक रोमा सिंह कुल तीन नेशनल रिकॉर्ड बना चुकी हैं, जो उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और कड़ी मेहनत का परिणाम है।
कार्यवाहक डीजीपी प्रशांत कुमार ने थाना चंदापुर का किया लोकार्पण
रायबरेली। रविवार की शाम करीब 4:30 बजे उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार रायबरेली पहुंचे। उनके स्वागत में आईजी तरुण गाबा, पुलिस अधीक्षक डॉ यशवीर सिंह और जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर प्रशांत कुमार ने नवसृजित थाना चंदापुर का विधिवत पूजन कर लोकार्पण किया। थाना परिसर में पहुंचने पर उन्हें गार्द द्वारा सलामी दी गई। इसके बाद उन्होंने थाना परिसर का निरीक्षण किया और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय, हवालात, सीसीटीएनएस कक्ष और मालखाना आदि का भी जायजा लिया। कार्यक्रम के दौरान डीजीपी ने क्षेत्र के चौकीदारों को साइकिल, छाता और लाठी वितरित की। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रहरी पुलिस व्यवस्था का अभिन्न हिस्सा हैं और इनके योगदान को अनदेखा नहीं किया जा सकता।
बिजली कटौती को लेकर निष्पक्ष भारतीय पत्रकार संगठन ने एसडीओ को सौंपा ज्ञापन
रायबरेली। एक ओर जहां गर्मी और लू का कहर आम जनजीवन को परेशान कर रहा है, वहीं दूसरी ओर बिजली विभाग की भीषण कटौती ने लोगों को और अधिक संकट में डाल दिया है। दिन में मुश्किल से दो घंटे की बिजली आपूर्ति और रात 12 बजे से पूरी तरह बिजली बंद होने से जनता बिजली विभाग की मनमानी से त्रस्त है। जनता की लगातार बढ़ती समस्याओं के चलते खीरों पावर हाउस का घेराव भी किया गया, लेकिन विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी समस्या को लेकर निष्पक्ष भारतीय पत्रकार संगठन के पदाधिकारियों ने ग्रामीणों और व्यापारियों के साथ मिलकर खीरों पावर हाउस के एसडीओ अनमोल डागौर को एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र ही प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा। बताया गया कि बिजली विभाग अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहा है, जिसका असर आम जनता पर पड़ रहा है। राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजकुमार मिश्रा की अगुवाई में तहसील अध्यक्ष पवन अग्निहोत्री और ब्लॉक उपाध्यक्ष मुकेश तिवारी के नेतृत्व में सैकड़ों उपभोक्ताओं ने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि क्षेत्र में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप चरम पर है। ऐसी स्थिति में निर्बाध विद्युत आपूर्ति अत्यंत आवश्यक है।
रामायण अभिरुचि नाट्य कार्यशाला 30 मई से होगी प्रारम्भ
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग द्वारा छात्रों को रामायण और भारतीय संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से प्रदेशभर में ग्रीष्मकालीन रामायण अभिरुचि नाट्य कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में कला एवं साहित्य को समर्पित अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती महानगर द्वारा 10 दिवसीय ‘रामायण अभिरुचि नाट्य कार्यशाला’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यशाला 30 मई से 8 जून तक मायर पब्लिक स्कूल, जलेसर रोड पर सुबह 8 बजे से 10 बजे तक आयोजित होगी। कार्यशाला के लिए पंजीकरण प्रारंभ हो चुके हैं। इसमें बच्चों को प्रख्यात नाट्य प्रमुख आलोक और अन्य वरिष्ठ कलाकारों द्वारा निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। कार्यशाला का समापन 8 जून को किया जाएगा, जिसमें प्रशिक्षण प्राप्त बच्चों द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। इसके उपरांत सभी प्रतिभागियों को संस्था की ओर से प्रमाण पत्र भी वितरित किए जाएंगे।
न्यूज एंड व्यूज के कॉन्सेप्ट पर है सही पत्रकारिता : मधुकर चतुर्वेदी
फिरोजाबाद। विश्व संवाद केंद्र चंद्रनगर विभाग के बैनर तले नारद जयंती के अवसर पर पत्रकार विचार गोष्ठी का आयोजन नगर के सरस्वती शिशु मंदिर गौशाला में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महर्षि नारद जी के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता स्वदेश समाचार पत्र झांसी और आगरा के संपादक मधुकर चतुर्वेदी ने कहा कि नारद जी से ज्येष्ठ और श्रेष्ठ पत्रकार कोई हुआ ही नहीं है। उन्होंने न्यूज एंड व्यूज के कॉन्सेप्ट पर पत्रकारिता का कार्य कर समाज को लाभान्वित किया है। समाज में उनकी बुराइयों और गलत चित्रण को लेकर एक विमर्श खड़ा किया गया है। हमें इन चीजों से सावधान रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जब तक सृष्टि रहेगी, तब तक पत्रकारिता रहेगी। उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान द्वारा साहित्य भूषण सम्मान प्राप्त डॉ. रामसनेही लाल यायावर ने पत्रकारिता के सही मायनों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
Jansaamna