फिरोजाबाद। नगर के प्रमुख रामलीला चौराहा स्थित पारसनाथ मार्केट पार्क में शनिवार को महापौर कामिनी राठौर की अध्यक्षता में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वयंसेवी संगठनों की महिलाओं ने सहभागिता करते हुए 200 से अधिक फूलों व छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। नगर निगम प्रशासन द्वारा शहर के प्रमुख पार्कों में हरियाली बढ़ाने के लिए पौधरोपण अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत मुख्य क्षेत्रों और वार्डों के आंतरिक हिस्सों में स्थित पार्कों के सौंदर्यीकरण और रखरखाव के लिए स्वयंसेवी संगठनों को जागरूक किया जा रहा है।
Jansaamna
ऊंचाहार, रायबरेली। ऊंचाहार क्षेत्र में रेलवे क्रॉसिंग से लखनऊ की ओर बने ओवरब्रिज (आरओबी) की पश्चिम दिशा में ज्ञान बाबा पेट्रोल पंप से समर रोड लाइट तक की सर्विस रोड की बदहाल हालत को लेकर व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा है। व्यापार मंडल ने एनएचएआई (NHAI) पर आरओबी निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए इसे मुख्यमंत्री के गड्ढामुक्त अभियान की खुली अनदेखी बताया है। व्यापार मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र मौर्य ने बताया कि यह समस्या पिछले 7-8 वर्षों से बनी हुई है। सर्विस रोड पूरी तरह क्षतिग्रस्त है और बारिश के मौसम में जलभराव की गंभीर स्थिति बन जाती है। ओवरब्रिज की ढलान से सारा पानी दुकानों और घरों के भीतर घुस जाता है, जिससे दुकानदारों के शौचालयों और बाथरूम में तीन फीट तक गंदा पानी भर जाता है। सिल्ट, बालू और मोरंग से भरे इस पानी की बदबू और गंदगी कई दिनों तक बनी रहती है। उन्होंने बताया कि व्यापारियों की आर्थिक स्थिति इतनी खराब हो गई है कि दुकान चलाना मुश्किल हो गया है। स्टाफ की सैलरी तो दूर, अपनी मेहनत और पेट्रोल का खर्च निकालना भी मुश्किल हो गया है।
मथुरा। गोवर्धन विधायक ठा. मेघश्याम सिंह की अध्यक्षता में मुड़िया पूर्णिमा मेले की तैयारियों को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह, पुलिस उपमहानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्याम बहादुर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी मनीष मीना सहित कई विभागीय अधिकारी शामिल रहे। बैठक में बताया गया कि मुड़िया पूर्णिमा मेला 4 जुलाई से 11 जुलाई 2025 तक गोवर्धन तहसील क्षेत्र में आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर से करोड़ों श्रद्धालु श्री गिर्राज जी महाराज की लगभग 21 किलोमीटर लंबी परिक्रमा करेंगे। इस दौरान परिक्रमा मार्ग पर स्थित विभिन्न मंदिरों में भीड़ उमड़ेगी।
बिंदकी, फतेहपुर। मां काली जी देवी मंदिर परिसर में स्थित उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के यात्री शेड से शुक्रवार और शनिवार की मध्य रात्रि अज्ञात चोरों ने हजारों रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। चोर ताला तोड़कर दो पंखे, दो एग्जॉस्ट फैन और करीब 15 टोटियां लेकर फरार हो गए। चोरी की कुल कीमत लगभग ₹25,000 बताई जा रही है। शनिवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने चोरी की घटना देखी तो इलाके में हड़कंप मच गया। मोहल्ला हजरतपुर ठठराही निवासी विष्णु द्विवेदी और विकास द्विवेदी सहित अन्य लोग कोतवाली बिंदकी पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
बिंदकी, फतेहपुर। शुक्रवार और शनिवार की मध्य रात्रि कोतवाली क्षेत्र के कोरवा गांव के पास दो ट्रकों में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें एक ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को एंबुलेंस 108 के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी में भर्ती कराया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 12 बजे हुआ, जब दोनों ट्रक आमने-सामने की दिशा से तेज गति में आ रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्रक का चालक केबिन में फंस गया, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। घायल चालक की पहचान चुन्नू कुशवाहा (उम्र लगभग 35 वर्ष), पुत्र राम सिंह, निवासी ग्राम बिचवाही, थाना चिल्ला, जनपद बांदा के रूप में हुई है।
हाथरस। शनिवार को नगर में भामाशाह की 479वीं जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन धूमधाम से किया गया। शोभायात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने फीता काटकर और भामाशाह बंधुओं के साथ आरती उतारकर किया। यह शोभायात्रा पुरानी तहसील रोड सिकंदराराऊ से प्रारंभ होकर मंडी गांधीगंज पर संपन्न हुई। शोभायात्रा के दौरान कानून व्यवस्था की कमान कोतवाल विजय कुमार सिंह और कस्बा इंचार्ज मनु यादव ने पुलिस बल के साथ संभाली। यात्रा का नौरंगाबाद पश्चिमी में प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के नेतृत्व में भव्य स्वागत किया गया, वहीं तिराहा बाजार पर भाजपाइयों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का अभिनंदन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, व्यापारी और समाजसेवी शामिल रहे।
रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका), रायबरेली के अधिकारी क्लब में 28 जून को आरेडिका प्रमोटी अधिकारी संघ की इक्जीक्यूटिव कमेटी मीटिंग (ईसीएम) आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में महाप्रबंधक प्रशान्त कुमार मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में और प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी रूपेश श्रीवास्तव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मीटिंग में भारतीय रेलवे प्रमोटी अधिकारी महासंघ के केंद्रीय पदाधिकारी और विभिन्न रेलवे क्षेत्र के प्रमोटी अधिकारी महासंघ के पदाधिकारी भी सम्मिलित हुए। महासंघ के अध्यक्ष दीपक राज राय, जनरल सेक्रेटरी अमित जैन और वरिष्ठ सलाहकार एच.सी. यादव ने बैठक में भाग लिया। आरेडिका प्रमोटी अधिकारी संघ के अध्यक्ष आर.एन. तिवारी, सचिव महाप्रबंधक एवं मुख्य जनसंपर्क अधिकारी और जनरल सेक्रेटरी एल.बी. सिंह मौर्या (उप मुख्य इंजीनियर सिविल) ने सभी आगंतुकों का स्वागत किया।
रायबरेली। रायबरेली विकास प्राधिकरण द्वारा अवैध रूप से की गई प्लाटिंग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत प्राधिकरण की टीम ने मिल एरिया पुलिस की उपस्थिति में जोन नंबर 2 के देवानन्दपुर क्षेत्र में कार्यवाही की। ध्वस्तीकरण के अंतर्गत देवानन्दपुर के गाटा संख्या 214 व 215 (लगभग 3 बीघा क्षेत्रफल) पर रावेन्द्र सोनकर, धर्मेन्द्र सोनकर, श्यामलाल एवं भोला द्वारा की गई अवैध प्लाटिंग को हटाया गया। इसके अतिरिक्त गाटा संख्या 203 (लगभग 2.5 बीघा क्षेत्रफल) पर श. देवकी नंदन श्रीवास्तव, सूरज सोनकर एवं आमीर द्वारा की गई अवैध प्लाटिंग के खिलाफ भी ध्वस्तीकरण की गई। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण और प्लाटिंग के विरुद्ध ऐसी कार्यवाहियाँ निरंतर जारी रहेंगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
फिरोजाबाद। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली बकाएदारों से वसूली में तेजी लाने के लिए जिलाधिकारी रमेश रंजन ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जसराना क्षेत्र में बकाया राजस्व की वसूली में 25 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी सुनिश्चित की जाए। डीएम ने यह निर्देश शनिवार को जसराना तहसील सभागार कक्ष में हुई विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान दिए। उन्होंने कहा कि दोनों उपखंड अधिकारी (एसडीओ) और अवर अभियंता ग्रामवार बैठकें करें और कम से कम 25 प्रतिशत उपभोक्ताओं से बकाया वसूली सुनिश्चित करें। वसूली के इस अभियान में संविदा कर्मियों, मीटर रीडरों, जन सुविधा केंद्रों और विद्युत सखियों का भी सहयोग लिया जाएगा।