रायबरेली। 11वें अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह के अंतर्गत आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका), रायबरेली के प्रशासनिक भवन स्थित सेमीनार कक्ष में 25 जून को एक योग गोष्ठी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाप्रबंधक प्रशान्त कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन तथा मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त रमेश चन्द्र के नेतृत्व में संपन्न हुआ। योग गोष्ठी में अतिथि वक्ता के रूप में आमंत्रित योगाचार्य अमित कुमार त्रिपाठी ने “तन, मन, जीवन की एक सुंदर यात्रा लिए योग” विषय पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि भारत में महर्षि पतंजलि ने ‘योगसूत्र’ ग्रंथ की रचना कर योग को जन-जन के लिए सुलभ और व्यावहारिक बनाया, जिससे आज करोड़ों लोग योग से प्रेरित हो रहे हैं। इस अवसर पर आरेडिका के मुख्य राजभाषा अधिकारी रमेश चन्द्र ने योग के अष्टांगिक मार्ग के दार्शनिक पक्ष को सरल भाषा में समझाया। उन्होंने यम, नियम, आसन, प्राणायाम, प्रत्याहार, धारणा, ध्यान एवं समाधि के माध्यम से योग की सम्पूर्ण प्रक्रिया को व्याख्यायित किया और उसके व्यावहारिक महत्व को बताया।
किसानों की भूमि पर जबरन बन रहा चकरोड, लेखपाल और प्रधान प्रतिनिधि पर गंभीर आरोप
शिवगढ़, रायबरेली। केंद्र सरकार भले ही किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए उनके खातों में दो-दो हजार रुपये की राशि भेज रही हो, लेकिन तहसील स्तर पर तैनात अधिकारी और कर्मचारी किसानों का शोषण करने से बाज नहीं आ रहे हैं। विकास खंड क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कोटवा गांव में प्रधान प्रतिनिधि अनिल यादव और लेखपाल विपिन मौर्या पर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इन दोनों की मिलीभगत से किसानों की खड़ी फसल को नष्ट कर खेतों में जबरन चकरोड और नाली बनाई जा रही है। इस कार्य से गांव में भारी आक्रोश फैल गया है। जब इस मामले में एक पत्रकार ने लेखपाल विपिन मौर्या से बातचीत की तो उन्होंने बताया कि यह कार्य एसडीएम के आदेश पर हो रहा है। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सब चुनावी रंजिश के चलते किया जा रहा है। प्रधान द्वारा जानबूझकर कुछ किसानों की भूमि पर बिना किसी सूचना के चकरोड बनवाया जा रहा है।
भैंस चराते समय गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आकर महिला झुलसी
फतेहपुर। असोथर थाना क्षेत्र के सातों सुल्तानपुर गांव के नजदीक जंगल में भैंस चराने गई महिला अचानक आकाशीय बिजली गिरने से झुलस गई। घटना के बाद उसे तुरंत उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया है। जानकारी के अनुसार, सातों सुल्तानपुर गांव निवासी बुध विलास की 45 वर्षीय पत्नी राम रानी अपने गांव के पास जंगल में भैंस चराने गई थीं। इसी दौरान अचानक तेज आकाशीय बिजली गिरने से वह झुलस गईं। हादसे की खबर मिलने पर परिजन तुरंत सरकारी 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना पाते ही एम्बुलेंस टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को जिला अस्पताल भेंट कराया। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने उसे भर्ती कर आवश्यक इलाज शुरू कर दिया है। महिला की स्थिति पर अस्पताल प्रशासन नजर बनाए हुए है।
कार्यवाहक मुख्य सचिव की अध्यक्षता में सम्मिलित कनिष्ठ सहायक, कनिष्ठ लिपिक एवं सहायक स्तर-।।। मुख्य परीक्षा के शुचितापूर्ण और पारदर्शी आयोजन हेतु बैठक संपन्न
लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ द्वारा 29 जून 2025 को आयोजित होने वाली सम्मिलित कनिष्ठ सहायक, कनिष्ठ लिपिक एवं सहायक स्तर की मुख्य परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और पारदर्शी आयोजन के लिए कार्यवाहक मुख्य सचिव श्री दीपक कुमार की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कृष्णा सहित 21 जनपदों के जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। ये जनपद आगरा, अलीगढ़, अयोध्या, आजमगढ़, बरेली, गाजियाबाद, गोरखपुर, झांसी, कानपुर नगर, लखनऊ, मेरठ, मुरादाबाद, प्रयागराज, अम्बेडकर नगर, मथुरा, सहारनपुर, बिजनौर, गौतमबुद्ध नगर, बुलन्दशहर, वाराणसी व जौनपुर हैं। कार्यवाहक मुख्य सचिव दीपक कुमार ने बताया कि इस परीक्षा में कुल 2,43,981 अभ्यर्थी 541 परीक्षा केंद्रों पर हिस्सा लेंगे। उन्होंने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा में किसी भी प्रकार का समझौता न हो और यह पूर्णतया पारदर्शी तथा नकलमुक्त हो।
बाबा खाटू श्याम सेवा समिति ने 41 वर पक्ष को प्रदान किया गृहस्थी का सामान
फिरोजाबाद। बाबा खाटू श्याम सेवा समिति द्वारा आगामी चार जुलाई को आयोजित होने वाले सर्वधर्म सामूहिक विवाह समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। यह समारोह भड़रिया नोमी के अवसर पर कोटला रोड स्थित राधाकृष्ण गार्डन में आयोजित किया जाएगा, जिसमें 41 जोड़ों का विवाह सम्पन्न कराया जाएगा। गुरुवार को समिति के संस्थापक व अध्यक्ष बंटू कुशवाह द्वारा सभी 41 वर पक्ष को विवाह पूर्व गृहस्थी का आवश्यक सामान प्रदान किया गया। इस मौके पर पलंग, टीवी, कूलर, वॉशिंग मशीन, सिलाई मशीन, ड्रेसिंग टेबल, कुर्सी, सोफा सहित दैनिक उपयोग की कई वस्तुएं भेंट की गईं। इस आयोजन का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों की आर्थिक सहायता करना और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ चकबंदी विभाग की कार्यकारिणी का निर्विरोध चुनाव सम्पन्न
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ, चकबंदी विभाग की कार्यकारिणी का चुनाव कलेक्ट्रेट स्थित चकबंदी विभाग में शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से सम्पन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी प्रांतीय अध्यक्ष राहुल सिंह, प्रांतीय महामंत्री जयप्रकाश, कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश कुशवाहा, योगेश यादव और मुलायम सिंह द्वारा की गई। इस चुनाव में सभी पदों पर सर्वसम्मति से पदाधिकारियों को निर्विरोध चुना गया। नवगठित कार्यकारिणी में रवि कुमार को संरक्षक, विक्रम सिंह को जिलाध्यक्ष, अनिल कुमार को जिला मंत्री, राहुल कुमार को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, राजेश जाटव को उपमंत्री, शिवदास को प्रचार मंत्री, मीना देवी को कोषाध्यक्ष, प्रभा देवी को संगठन मंत्री, कुंवर पाल को ऑडिटर और अमर सिंह, सुनीता देवी एवं कालूराम को सदस्य के रूप में चुना गया।
11.50 लाख रुपये के बकायेदारों पर कार्रवाई, 20 कनेक्शन काटे, दो के मीटर उखाड़े
फिरोजाबाद। ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत विभाग द्वारा चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत गुरुवार को गांव खाटूआमई में बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान 11.50 लाख रुपये के बकाया पर 20 बकायेदारों के बिजली कनेक्शन काट दिए गए, जबकि दो उपभोक्ताओं के मीटर भी जब्त कर लिए गए। यह कार्रवाई अधिशासी अभियंता सिरसागंज अमित कुमार के निर्देश पर सत्यप्रकाश सिंह के नेतृत्व में की गई। टीम ने घर-घर जाकर चेकिंग की और बकाया बिल का भुगतान न करने वालों पर सख्त रुख अपनाया। चेकिंग के दौरान 5 उपभोक्ताओं ने मौके पर ही 20 हजार रुपये जमा कर दिए। टीम में जेई रामयज्ञ, विजय प्रकाश कुलश्रेष्ठ सहित लाइन स्टाफ मौजूद रहा।
राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ ने सुनी पीड़ित महिलाओं की समस्याएं
हाथरस, सासनी। राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ ने शुक्रवार को सासनी तहसील परिसर में जनसुनवाई कर पीड़ित महिलाओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत रेनू गौड़ सासनी तहसील पहुंचीं, जहां उन्होंने दर्जनों महिलाओं से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। कई मामलों में मौके पर ही समाधान की कार्रवाई की गई, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। इस दौरान एसडीएम सासनी नीरज शर्मा सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। जनसुनवाई के उपरांत रेनू गौड़ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में व्याप्त गंदगी को देखकर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और चिकित्सा प्रभारी को तत्काल साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
थाना प्रभारी की अनूठी पहल: गांव में जाकर की पीस कमेटी बैठक
जगतपुर, रायबरेली। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जाने को लेकर जगतपुर थाना प्रभारी अजय कुमार राय ने एक सराहनीय पहल करते हुए रघुरारगंज गांव में जाकर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की। इस बैठक का उद्देश्य था कि आगामी पर्व सौहार्द, शांति और भाईचारे के वातावरण में संपन्न हो सके। गांव के पंचायत प्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं, गणमान्य नागरिकों और युवाओं की मौजूदगी में थाना प्रभारी ने सभी से संवाद करते हुए कहा कि त्योहार समाज को जोड़ने का माध्यम होते हैं और इन्हें मिल-जुलकर मनाने से सामाजिक एकता को मजबूती मिलती है। बैठक में उपस्थित उपनिरीक्षक अमित सिंह, नागेंद्र, ऋषिकेश सहित कांस्टेबल पवन कुमार और धर्मेंद्र ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क और तैयार है। किसी भी तरह की अफवाह या अव्यवस्था फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ ने किया ‘डायरिया रोको अभियान’ का शुभारंभ
मथुरा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संजीव यादव ने गुरुवार को मथुरा जनपद के नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, लक्ष्मीनगर से ‘डायरिया रोको अभियान’ (स्टॉप डायरिया कैंपेन) का शुभारंभ किया। यह अभियान आगामी 31 जुलाई तक जिलेभर में संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए सीएमओ डॉ. यादव ने कहा कि शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को डायरिया से सुरक्षित रखना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अभियान की थीम “डायरिया की रोकथाम, सफाई और ओआरएस से रखें अपना ध्यान” तय की गई है। सीएमओ ने इस अवसर पर छोटे बच्चों को ओआरएस के पैकेट और जिंक की गोलियां वितरित कीं और उनके प्रयोग की जानकारी विस्तार से दी।
Jansaamna