हाथरस। बदलते मौसम और तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच वायरल बुखार के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। जिला अस्पताल में मंगलवार को बुखार से पीड़ित 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कोठी बेलनशाह निवासी महेश पुत्र ओमप्रकाश के रूप में हुई है। बताया गया कि पेंटिंग का काम करने वाला महेश कई दिनों से बुखार से पीड़ित था। इस दौरान उसकी प्लेटलेट्स भी कम हो गई थीं। सोमवार रात उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन मंगलवार सुबह उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, जिला अस्पताल की ओपीडी में मंगलवार को बुखार से पीड़ित 200 से अधिक मरीज पहुंचे। पर्चा और दवा काउंटर के साथ ही चिकित्सकों के कक्षों के बाहर मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। निजी अस्पतालों में भी बुखार के मरीजों की भीड़ देखने को मिली।
श्मशान घाट और कब्रिस्तान जाने वाले मार्ग की बदहाली से अंतिम यात्रा में भी परेशानी
हाथरस। ग्राम पंचायत लोहर्रा में मोक्षधाम और कब्रिस्तान तक जाने वाला मार्ग वर्षों से बदहाल पड़ा है। रास्ते पर जलभराव, कीचड़ और गंदगी के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक दिक्कत उस समय होती है, जब किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद शव को अंतिम संस्कार या दफनाने के लिए ले जाया जाता है। ग्रामीणों को कीचड़ और दुर्गंध से भरे रास्ते से होकर अंतिम यात्रा निकालनी पड़ती है। ग्रामीणों का आरोप है कि रास्ते पर लंबे समय से पानी भरा रहने के कारण कीचड़ जमा हो गया है। गंदगी के चलते आसपास दुर्गंध का वातावरण बना रहता है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है। कई बार ग्रामीणों को बेहद मुश्किल परिस्थितियों में शव को लेकर मोक्षधाम या कब्रिस्तान तक पहुंचना पड़ता है। इससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
अमरपुर घना में जलभराव से ग्रामीण परेशान, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
हाथरस। ग्राम पंचायत अमरपुर घना में जलभराव और खराब रास्तों के कारण ग्रामीणों को हो रही परेशानी को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अ) टिकैत के पदाधिकारियों ने मंगलवार को तहसील पहुंचकर एसडीएम शिव प्रकाश यादव को ज्ञापन सौंपा। किसान नेताओं ने ग्रामीणों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि गांव में जलभराव और खराब रास्तों के कारण ग्रामीणों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से जूनियर हाईस्कूल के सामने रास्ते पर पानी भरा होने से विद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को परेशानी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में स्थिति और अधिक खराब हो जाती है। कीचड़ और जलभराव के कारण रास्ते से निकलना मुश्किल हो जाता है।
सभी विभाग एआई आधारित टूल्स और समाधान का उपयोग बढ़ाएं : मुख्य सचिव
लखनऊ। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने सोमवार को योजना भवन में Sarvam AI के ‘Indus’ एआई प्लेटफॉर्म पर आयोजित कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने शासकीय कार्यों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते महत्व को रेखांकित करते हुए सभी विभागों को एआई आधारित टूल्स और समाधानों के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया। मुख्य सचिव ने कहा कि सरकारी कार्यों के निष्पादन में एआई के प्रभावी इस्तेमाल से कार्यों की दक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही में सुधार किया जा सकता है। एआई के उपयोग से विभिन्न सरकारी कार्यों में लगने वाला समय कम होगा तथा उत्पादकता और कार्यकुशलता में वृद्धि होगी।
जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर समाधान का प्रयास करेगी कांग्रेस
फिरोजाबाद। जिले में लगातार बारिश के चलते कई क्षेत्रों में हुए जलभराव से लोगों को हो रही परेशानियों को लेकर कांग्रेस ने प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करने का निर्णय लिया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जलभराव प्रभावित लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनेंगे और संबंधित अधिकारियों को अवगत कराकर समाधान कराने का प्रयास करेंगे। रामनिवास यादव ने कहा कि बारिश के कारण जिले में जगह-जगह जलभराव की स्थिति बनी हुई है। आम रास्तों, गलियों, घरों और प्रतिष्ठानों में पानी भरने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे प्रभावित लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझें और उनके समाधान के लिए अधिकारियों से संपर्क करें।
धोखे का जवाब धैर्य से दें, वाणी में रखें संयम : निर्भय सागर
फिरोजाबाद। जीवन में सुख-दुःख का चक्र प्राकृतिक है। रात के बाद दिन और शाम के बाद सुबह आती है। उसी प्रकार बुरे समय के बाद अच्छा समय भी अवश्य आता है। इसलिए मनुष्य को निराश होने के बजाय भगवान पर विश्वास रखते हुए निरंतर पुरुषार्थ करते रहना चाहिए। यह विचार आचार्य निर्भय सागर महाराज ने छदामी लाल जैन मंदिर में आयोजित धर्मसभा में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि धोखा देने वाले से कभी बदला नहीं लेना चाहिए, बल्कि धैर्य रखना ही सच्चा विवेक है। दूसरों की कड़वी बातों को उसी प्रकार सहन कर लेना चाहिए, जैसे कड़वी दवा को निगलकर पचा लिया जाता है। आचार्यश्री ने कहा कि कांच पत्थर से और पत्थर घन से टूटता है, लेकिन इंसान का दिल और रिश्ते कटु वाणी से टूट जाते हैं। इसलिए वाणी पर संयम रखना बेहद आवश्यक है।
प्रधानमंत्री के सेवा भाव से प्रेरणा लेकर दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें कार्यकर्ता : मनीष असीजा
फिरोजाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा महानगर द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्यशाला आयोजित की गई। भाजपा जिला कार्यालय पर आयोजित कार्यशाला में महानगर अध्यक्ष डॉ. सतीश दिवाकर और सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्धता का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री के सेवा भाव से प्रेरणा लेकर संगठन और समाज के प्रति अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करना चाहिए। कार्यशाला में सेवा संकल्प अभियान के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही मंडल स्तर तक संगठनात्मक तैयारियों को गति देने और अभियान में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अभियान को सफल बनाने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
‘हमारी राधा’ में पहली बार आमने-सामने आईं राधा और शनाया
ज़ी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइज़ेस लिमिटेड के फ्री-टू-एयर हिंदी जनरल एंटरटेनमेंट चैनल अनमोल टीवी के ओरिजिनल शो ‘हमारी राधा’ में कहानी अब एक ऐसे मोड़ पर पहुंचने वाली है, जहां राधा (सिमरन कौर) और शनाया (वैदेही नायर) पहली बार अनजाने में एक-दूसरे के सामने आएंगी। लेकिन राधा को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं है कि शनाया का उसके पति गिरधर (अक्षय म्हात्रे) से बेहद खास रिश्ता है। दोनों की यह अनजाने में हुई मुलाकात धीरे-धीरे ऐसा मोड़ ले लेगी, जिसका असर आगे की कहानी पर देखने को मिलेगा। दरअसल, शनाया खरीदारी करने जाती है और बिलिंग काउंटर पर उसे पता चलता है कि गिरधर का कार्ड अपनी लिमिट पार कर चुका है। इसी बीच राधा भी उसी स्टोर में पहुंच जाती है। खरीदारी के दौरान शनाया का कार्ड गलती से गिर जाता है, जिसे राधा और गिरधर का बेटा कियान उठा लेता है। कियान देखते ही अपने पिता का कार्ड पहचान लेता है। लेकिन शनाया कियान पर ही कार्ड चुराने का आरोप लगा देती है और देखते ही देखते दोनों के बीच बहस शुरू हो जाती है।
अवैध वाहनों पर RTO का ‘कवच’: लंबे रूट की स्लीपर बसों की जांच, 16 वाहनों पर गाज़
हिमांशु: कानपुर। सड़क हादसों को रोकने और अवैध वाहनों की मनमानी पर ब्रेक लगाने के लिए कानपुर RTO ने कमर कस ली है। परिवहन आयुक्त के आदेश पर 7 सितंबर से शहर में विशेष ‘ऑपरेशन कवच’ का आगाज किया गया। अभियान के पहले ही दिन RTO और परिवहन निगम की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 16 वाहनों का चालान किया और उन्हें बंद (सीज) कराया। यह पूरी कार्रवाई संभागीय परिवहन अधिकारी (RTO प्रवर्तन) राहुल श्रीवास्तव की अगुवाई में हुई, जिसमें PTO दीपक सिंह, अनिल कुमार और महेश वर्मा की टीम शामिल रही। टीम ने भौंती, सचेंडी और नौबस्ता जैसे प्रमुख हाईवे और एंट्री पॉइंट्स पर अचानक चेकिंग अभियान चलाया।
राष्ट्रीय लोक अदालत में चालान निस्तारण के लिए अब आएंगे बल्क एसएमएस
हाथरस। आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने और लंबित चालानी मामलों के निस्तारण के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने एक पहल की है। जनपद न्यायाधीश विनय कुमार-तृतीय के निर्देशानुसार नोडल अधिकारी प्रशांत कुमार की अध्यक्षता और सचिव अनु चौधरी की उपस्थिति में पुलिस प्रशासन के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि पेटी ऑफेंस (लघु अपराध) और मोटर वाहन अधिनियम के तहत लंबित चालानों की जानकारी अब वाहन स्वामियों के पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर बल्क एसएमएस के जरिए भेजी जाएगी। नोडल अधिकारी प्रशांत कुमार ने अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा को सूची सौंपते हुए जल्द से जल्द एसएमएस भिजवाने के निर्देश दिए हैं।
Jansaamna