Tuesday, October 1, 2024

दलितों से संवाद करेंगे कांग्रेसी

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अजय राय द्वारा नौ अक्टूबर (काशीराम जी के परिनिर्वाण दिवस) से 26 नवंबर (संविधान दिवस) तक प्रदेश के सभी जनपदों में स्वाभिमान के वास्ते-संविधान के रास्ते के नारे के साथ दलित गौरव संवाद आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। जिसकी शुरुआत नौ अक्टूबर को प्रदेशाध्यक्ष अजय राय ने प्रदेश कार्यालय लखनऊ से किया है। उक्त विचार प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र सिंह एवं प्रदेश सचिव आशुतोष दीक्षित ने घर संसार कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान कही।
उन्होंने कहा कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता जनपद के प्रत्येक दलित गांव में जाकर उनके साथ संवाद करेगा। और दलितों से मिलकर उनकी प्रमुख मांगों को जानकारी कर उनसे दलित अधिकार माँग पत्र भरवाएंगे। जिलाध्यक्ष संदीप तिवारी और महानगर अध्यक्ष हाजी साजिद बेग ने कहा कि सभी दलित बाहुल्य क्षेत्रो में रात्रि चौपालों का आयोजन कर उनसे संवाद स्थापित किया जायेगा और उनकी समस्याओं को समझा जायेगा।

Read More »

अपूर्व ने प्रदेश में स्कोरर में पाया तीसरा स्थान

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा अंपायर एवं स्कोरर परीक्षा जून माह में कमला क्लब कानपुर में आयोजित हुई थी। जिसमे अपूर्व यादव ने स्कोरर में उत्तर प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। अपूर्व यादव ने बताया कि फिरोजाबाद जिले से में प्रथम खिलाड़ी हॅू। जिसने स्कोरिंग की परीक्षा पास की है। अपूर्व ने बीपीएड, एमपीएड, योगा एनआईएस क्रिकेट कोचिंग सेंटर पटियाला से किया है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय क्रिकेट कोच विकास पालीवाल को दिया। मेरी इच्छा उत्तर प्रदेश के मैच, इंटरनैशनल मैच मे स्कोरिंग करने की है। जिसके लिए अभी मैने प्रथम स्टेज पास की है।

Read More »

युवा कारोबारी का मालीपट्टी गांव में मिला शव

फिरोजाबाद। कर्ज तले दबे युवा कारोबारी ने यमुना में छलांग लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मरने से पहले उसने अपना एक वीडियो भी बनाया है जो अब सामने आया है। हौजरी कारोबारी का शव बुधवार को मालीपट्टी गांव से बरामद हुआ है। पीएसी के गोताखोर उसकी तलाश कर रहे थे। मामले में चार सूदखोरों के विरुद्ध बसई मुहम्मदपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दक्षिण थाना क्षेत्र के सुहाग नगर कालोनी निवासी 30 वर्षीय प्रशांत अग्रवाल मंगलवार सुबह नौ बजे पसीना वाले हनुमान मंदिर के दर्शन करने जाने की बात घर पर कह कर बाइक से निकला था। इसके बाद प्रशांत ने अपने मोबाइल से छोटे भाई अंशुल को वीडियो काल की। प्रशांत ने बताया कि वह ईंधौन पुल के पास है। कर्ज से परेशान होकर वह यमुना में डूब कर मरने जा रहा है। सुहागनगर निवासी सगे भाई मोनू, आशू, और छोटू तथा भीम नगर निवासी पंकज पर कर्जे की आड़ में परेशान करने का आरोप लगाया था। छोटे भाई अंशुल ने समझाने का प्रयास किया तो उसने फोन काट दिया और नदी में कूद गया। मौके पर पहुंचे परिजन को ईधौन पुल पर उसकी बाइक, मोबाइल और पर्स मिला था। बाइक की डिग्गी में पांच हजार रुपये थे। बसई मुहम्मदपुर थाने की पुलिस पीएसी के गोताखोरों की मदद से कारोबारी की तलाश कर रही थी। बुधवार को उसका शव मालीपट्टी गांव के पास बरामद किया गया।

Read More »

श्रमिक बस्ती से मतदाता जागरूकता अभियान प्रारम्भ

फिरोजाबाद। प्रदेश में मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने के लिए 27 अक्टूबर से मतदाता पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत होने जा रही है। यह अभियान 11 दिसंबर तक चलेगा। 01 जनवरी 2024 को 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले सभी युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही मतदाता सूची में दर्ज नाम में संशोधन एवं मृतक मतदाताओं के नाम सूची से हटाने का काम भी किया जाएगा। मतदाता पुनरीक्षण अभियान की सफलता के लिए लोगों में जन जागरूकता फैलाने हेतु भारत निर्वाचन आयोग के स्वीप कार्यक्रम की ब्रांड एंबेसडर जया शर्मा के नेतृत्व में नगर की श्रमिक बाहुल्य बस्ती इंदिरा नगर में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। विचार गोष्ठी आयोजित की गई और फेरी निकाल कर लोगों को अभियान की जानकारी दी।
गोष्ठी में मुख्य वक्ता सरोजिनी नायडू जूनियर हाईस्कूल के प्रधानाचार्य भगवानदास शंखवार ने बताया कि मतदाता पुनरीक्षण अभियान आगामी 27 अक्टूबर से प्रारंभ होगा और 11 दिसंबर तक चलेगा। इस बीच ऐसे सभी युवा जिनकी उम्र एक जनवरी 2024 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है वह फॉर्म नंबर 6 भरकर अपने बूथ के बीएलओ के पास जमाकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं। ब्रांड एंबेसडर जया शर्मा ने कहा कि जिन लोगों के नाम मतदाता सूची में गलत दर्ज हो गए हैं वे लोग संशोधन हेतु निर्धारित फॉर्म भरेंगे। उन्होंने कहा मतदाता ही भारत का भाग्य विधाता है।

Read More »

कुश्ती प्रतियोगिता के दूसरे दिन रहा हरियाणा का दबदबा

लखनऊ। 35वीं अखिल भारतीय डाक कुश्ती प्रतियोगिता के दूसरे दिन भारतीय खेल प्राधिकरण, नेताजी सुभाष क्षेत्रीय केंद्र, लखनऊ में विभिन्न भार वर्गों में फ्री-स्टाइल कुश्ती प्रतियोगिताये आयोजित की गयी। कुश्ती प्रतियोगिता में आज कुल 56 मैच खेले गए। विभिन्न प्रांतों से आए खिलाडियों, सदस्यों को उ.प्र. की संस्कृति से रूबरू कराने के लिए इंदिरा गाँधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर, लखनऊ में एक सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया गया ।
पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि फ्री-स्टाइल कुश्ती प्रतियोगिता में 57 किग्रा. भारवर्ग में ओडिशा के प्रशांत, 61 किग्रा. भारवर्ग में उत्तर प्रदेश के लालमणि, 70 किग्रा. भारवर्ग में हरियाणा के कुलदीप, 74 किग्रा. भारवर्ग में हरियाणा के धर्मपाल सिंह, 86 किग्रा. भारवर्ग में हरियाणा के मंजीत, 97 किग्रा. भारवर्ग में महाराष्ट्र के जी. वी. पाटिल,125 किग्रा. भारवर्ग में दिल्ली के पवन ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया।
पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि 12 अक्टूबर को डाक कुश्ती प्रतियोगिता का समापन होगा, जिसमें श्रीमती रेणुका मिश्रा (आई.पी.एस.), पुलिस सेवा भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, उत्तर प्रदेश, लखनऊ बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित होंगी।

Read More »

धूमधाम से निकली मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम की बारात

फिरोजाबाद। तदर्थ प्रशासनिक रामलीला महोत्सव समिति के तत्वावधान में उत्तर भारत की प्रसिद्व रामबारात गाजे-बाजे के साथ राधाकृष्ण मंदिर से निकाली गई। शोभायात्रा का मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। शोभायात्रा मार्ग रंग-बिरंगी दूधिया रोशनी से जगमगा रहा था। भगवान राम की बारात को देखने लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा।
मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम की रामबारात का शुभारम्भ नगर विधायक मनीष असीजा द्वारा भगवान राम के डोले की आरती उतारकर व हरी झंडी दिखाकर किया गया। शोभायात्रा राधा कृष्ण मंदिर से प्रारम्भ होकर, घंटाघर, सदर बाजार, गंज चौराहा, पुराना डाकखाना चौराहा, मातावाला बाग, रामलीला चौराहा होते हुए रामलीला मैदान में पहुंचकर सम्पन्न हुई। शोभायात्रा में सबसे आगे विध्नहर्ता भगवान गणेश का डोला चल रहा था। साथ ही ऊॅट, घोटा, कॉली अखाड़े अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे थे। रामबारात में फिरोजाबाद जनपद के अलावा मैनपुरी, इटावा, एटा, आगरा की प्रमुख झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा में जी-20 की झाँकी, शिव तांडव, बाहुबली रामभक्त हनुमान का भव्य रोड शो, राजराजेश्वरी कैला देवी की झांकी, खाटू श्यााम, शिव-पार्वती, राधाकृष्ण की झांकी अलावा एक डोले में माता जानकी, दूसरे डोले में राम, लक्ष्मण और गुरू विश्वामित्र, तीसरे डोले में राजा दशरथ के साथ भरत, शत्रुधन विराजमान थे।

Read More »

दलित गौरव संवाद में शहर से गांव तक चौपाल लगाएगी कांग्रेस

मथुरा। कांग्रेस ने नौ अक्टूबर को कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस से 26 नवंबर संविधान दिवस तक प्रदेश के सभी जनपदों में स्वाभिमान के वास्ते संविधान के रास्ते नारे के साथ दलित गौरव संवाद आयोजित करने का निर्णय लिया है। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए जिला कांग्रेस कमेटी मथुरा के अध्यक्ष चौधरी भगवान सिंह वर्मा बताया कि दलित गौरव संवाद में प्रत्येक विधानसभा से 20 दलित बाहुल्य गांव की सूची प्रदेश मुख्यालय भेजी गई है। कार्यक्रम के दौरान दलित अधिकार मांग पत्र भरवा जाएंगे। दलित अधिकार पत्र दलित समाज के इंजीनियर वकील वकील शिक्षक समाजसेवी प्रधान बीडीसी जिला पंचायत के पूर्व व वर्तमान सदस्य आदि लोगों से भरवाये जाएंगे। प्रत्येक दिन प्रत्येक पदाधिकारी को सात अधिकार मांग पत्र भरवा जाने का कार्य करना है तथा मांग पत्र भरवाए जाने के बाद अपनी फोटो सोशल मीडिया पर डालनी होगी। प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जनपद प्रभारी जनपद में पांच अधिकार मांग पत्र भरवाएंगे तथा प्रदेश महासचिव जनपद में 15 अधिकार मांग पत्र भरवाएंगे। प्रदेश सचिव वह जनपद प्रभारी पांच मांग पत्र प्रत्येक विधानसभा में भरवाएंगे। प्रत्येक विधानसभा में 500 दलित अधिकार मांग पत्र भरवाए जाएंगे। जिसमें ब्लॉक अध्यक्ष व विधानसभा में रह चुके प्रत्याशियों को अहम जिम्मेदारी दी जाएगी।

Read More »

जल जीवन मिशनः नल जल मित्र कार्यक्रम के संबंध में बैठक आयोजित की

लखनऊ। उप्र के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन के अन्तर्गत नल जल मित्र कार्यक्रम के संबंध में बैठक आयोजित हुई।
अपने संबोधन में मुख्य सचिव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक घर को नल से जल की उपलब्धता के साथ ही रोजगार सृजन में भी जल जीवन मिशन भूमिका निभायेगा। नल जल मित्र कार्यक्रम के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम एक व्यक्ति को नल जल मित्र के रूप में आगामी मार्च, 2024 तक प्रशिक्षित किया जाये।
उन्होंने कहा कि मिशन से आच्छादित गांवों में जल मित्रों के चयन की कार्रवाई पूर्ण कर चयनित युवाओं के लिए प्रशिक्षण की रूपरेखा तय की जाए। उन्हें पेयजल परियोजनाओं के रखरखाव, पाइपलाइनों की मरम्मत आदि से सम्बन्धित प्रशिक्षण दिया जाये। प्रशिक्षण हेतु चयन के लिये स्वयं सहायता समूह की महिला सदस्या को प्राथमिकता दी जाये।
उल्लेखनीय है कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य हर घर में सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराकर लोगों के जीवन को बेहतर बनाना है। नल कनेक्शन प्रदान करने के उपरान्त परियोजना के रख-रखाव के लिये ‘नल जल मित्र’ कार्यक्रम शुरू किया गया है। नल जल मित्र के रूप में प्रशिक्षण के लिये सम्बन्धित ग्राम पंचायत के स्थानीय महिला व पुरुष पात्र होंगे।

Read More »

हर गांव को आत्मनिर्भर बनाने को प्रयासरत है सरकारः मुख्यमंत्री

मथुरा: श्याम बिहारी भार्गव। जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती समारोह मनाया जा रहा है। इस मौके पर तीर्थनगरी मथुरा के फरह स्थित दीनदयाल धाम में मेला एवं प्रदर्शनी आयोजित की गई। इसमें शामिल होने के लिए सूबे के मुखिया सीएम योगी आदित्यनाथ पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत नगला चंद्रभान पहुंचे। उन्होंने सर्वप्रथम पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा के समक्ष माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलन कर मेले का शुभारंभ किया। फरह के दीनदयाल धाम पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसान सम्मेलन में कहा कि भारत दुनिया की आर्थिक महाशक्ति के रूप में स्थापित हो रहा है। उनकी उपलब्धियां भारत के साथ जुडती जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह हर गांव को आत्मनिर्भर बनाने को प्रयासरत हैं। इसके लिए हर गांव में एक खेल मैदान हो, एक ओपन जिम का निर्माण हो, हर ब्लॉक स्तर पर एक जिम का निर्माण हो, ब्लॉक स्तर एक मिनी स्टेडियम, हर जनपद में एक स्टेडियम हो कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने फरह में मिनी स्टेडियम के निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि चुनाव के दौरान लोक कल्याण के कार्य याद आते हैं, जबकि साढ़े चार वर्ष तक सोते रहते हैं। इसके विपरीत प्रधानमंत्री लगातार लोक कल्याण के कार्य करते रहते हैं। उन्होंने कोरोना काल का जिक्र करते हुए मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एशियन गेम्स में 107 मेडल भारत ने जीते। देश की 16 फीसदी आबादी उत्तर प्रदेश में निवास करती है और यूपी ने एशियन गैम्स में मैडल जीते हैं 25 फीसदी। मिनी स्टेडियम के लिए हम राज्य सरकार की ओर से धनराशि उलब्ध कराएंगे। पांच राज्यों का चुनाव आते ही विपक्ष में भगदड़ मच गई। विपक्ष को अब जाति और कल्याण की बात याद आ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2014 से गरीबों के कल्याण का काम कर रहे हैं। भारत विश्व गुरु बन रहा है। दीनदयाल का सपना साकार हो रहा है। इससे पहले भारत की संसद से नारी बंदन अधिनियम पारित हुआ है। युवाओं के लिए मिशन रोजगार योजना चलाई जा रही है। उन्हें सरकारी नौकरी दी जा रही है। उनके लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। भारत को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने का आज हम काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने किसान सम्मेलन में कहा कि किसानों ने भारत को अन्न के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने और न केवल अपने नागरिकों की आवश्यकताओं की पूर्ति की बल्कि अतिरिक्त खाद्यान्न को दुनिया के देशों में भी निर्यात कर सकें, उन अन्नदाताओं से संवाद बनाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।

Read More »

राजस्व संग्रहण में तेजी लाने का निर्देश

चन्दौली। जिलाधिकारी निखिल टी. फुंडे की अध्यक्षता में कर करेत्तर एवं राजस्व से संबंधित समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार सम्पन्न हुई। बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों से राजस्व वसूली की प्रगति के बारे में जानकारी ली और राजस्व बढ़ाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कर करेत्तर की समीक्षा के दौरान विभिन्न विभागों से लक्ष्य के सापेक्ष कम वसूली होने पर उसका कारण पूछा और राजस्व संग्रहण में शिथिलता न बरतने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान आबकारी, व्यापार कर विभाग के अधिकारियों ने शासन स्तर से लक्ष्य अधिक बढ़ा देने का हवाला दिया गया जिस पर अपर जिलाधिकारी ने अपने विभाग में वार्ता करने और साथ ही अधिक प्रयास कर के वसूली गति तीव्र करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने पांच वर्ष से अधिक लंबित मुकदमे में सुनवाई कर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि ऐसे पुराने मुकदमे अभियान चलाकर शीघ्र निस्तारित किया जाए। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने पेंशन प्रकरण भी तुरंत निस्तारित करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान प्रवर्तन के अंतर्गत अब तक की गई कार्यवाही की प्रगति के संबंध में विद्युत विभाग ने बताया कि लोगों पर एफआईआर कर के वसूली की कार्यवाही की जा रही है।

Read More »