राजीव रंजन नागः नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के 11 दिन बाद मुख्यमंत्री चुन लिया है। दिल्ली में बीजेपी विधायक दल की हुई बैठक में रेखा गुप्ता को अपना नेता चुना है। उन्हें गुरुवार दोपहर 12 बजे रामलीला मैदान में शपथ दिलाई जाएगी। वह शालीमार बाग सीट से विधायक चुनी गई हैं। रेखा दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी। रेखा गुप्ता भाजपा की दूसरी महिला सीएम हैं। सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद राजधानी की चौथी महिला मुख्यमंत्री हैं। भाजपा ने 27 साल बाद राष्ट्रीय राजधानी में सत्ता में वापसी की। पार्टी ने आम आदमी पार्टी को सत्ता से बेदखल करते हुए 70 विधानसभा सीटों में से 48 सीटें जीतीं हैं।
इस बीच, दिल्ली के प्रतिष्ठित रामलीला मैदान में भव्य शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां चल रही हैं। नई भाजपा सरकार के शपथ गृहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कई राज्यों के मुख्यमंत्री अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
दिल्ली की नई मुख्यमंत्री गुरुवार को सुबह 12.05 मिनट पर एक भव्य समारोह में शपथ लेंगीं। शहर के प्रतिष्ठित रामलीला मैदान में होने वाला शपथ समारोह में तीन मंच बनाए जाएंगे – एक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, उपराज्यपाल वीके सक्सेना और नए मुख्यमंत्री के लिए, दूसरा आमंत्रित धार्मिक नेताओं के लिए और तीसरा सांसदों व विधायकों के लिए, जिनमें से 200 से अधिक भाजपा और सहयोगी दलों के हैं, को आमंत्रित किया गया है। निवर्तमान मुख्यमंत्री आतिशी और ‘आप’ प्रमुख अरविंद केजरीवाल को भी आमंत्रित किया गया है।
भाजपा के छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से राजनीतिक जीवन की शुरुआत करने वाली रेखा गुप्ता दिल्ली विश्वविद्यालय की सचिव रह चुकीं हैं। वह मूल रूप से हरियाणा के जुलाना की रहने वाली हैं। लेकिन पिता की नौकरी की वजह से उनका परिवार दिल्ली आ गया था। बीजेपी ने दिल्ली में महिला और वैश्य समुदाय की आबादी को देखते हुए रेखा गुप्ता पर दांव खेला है।
इस समय देश में बीजेपी की कोई भी मुख्यमंत्री महिला नहीं है। केवल राजस्थान में दिया कुमारी एक महिला उपमुख्यमंत्री हैं। रेखा गुप्ता को दिल्ली के सीएम की कुर्सी पर बिठाकर बीजेपी महिलाओं में अच्छा संदेश भेजा है।
Read More »