लखनऊ। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि समाज में सफाईकर्मियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। यदि सफाईकर्मी अपना कार्य न करें तो समाज का जीवन दूभर हो जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज के प्रति सफाईकर्मियों की मेहनत और जज्बे के सामने वह नतमस्तक हैं तथा स्वयं को उनका ऋणी मानते हैं। रविंद्रालय सभागार में जनकल्याण केयर टेकर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित सामुदायिक शौचालय (ग्रामीण) केयर टेकर महासम्मेलन एवं सफाई कर्मचारी दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने स्वच्छ प्रदेश, स्वस्थ प्रदेश के निर्माण में योगदान देने वाले सफाईकर्मियों का आभार व्यक्त किया।
यूनियन पब्लिक स्कूल में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत किया वृहद पौधारोपण
हाथरस। पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने के उद्देश्य से यूनियन पब्लिक स्कूल में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के अंतर्गत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में छायादार, फलदार एवं औषधीय प्रजातियों के पौधे रोपे गए। शुक्रवार को कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की निदेशक माधुरी राजावत एवं मंडल अध्यक्ष आकाश सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान और प्रकृति के संरक्षण के लिए कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसकी नियमित देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।
जनकल्याण के प्रति समर्पण ने अभिलाष कौशल को दिलाई विशिष्ट पहचान
ऊंचाहार, रायबरेली। दूसरों को हक और इंसाफ दिलाने का जुनून समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की क्षमता रखता है। इन्हीं गुणों को आत्मसात करते हुए ऊंचाहार के अभिलाष कौशल ने जनसेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। राजनीति में उनके धरातलीय कार्यों, जनकल्याण के प्रति समर्पण और व्यावहारिक सोच ने उन्हें आम भीड़ से अलग खड़ा किया है। उनके कार्य, दृष्टिकोण और नीतियों ने उन्हें एक विशिष्ट एवं जनप्रिय पहचान दिलाई है। भाजपा ओबीसी मोर्चा अवध प्रांत के क्षेत्रीय मंत्री अभिलाष कौशल ने अपनी कार्यशैली के कारण अलग पहचान बनाई है। हर पीड़ित की निःस्वार्थ भाव से मदद करने के कारण उन्हें विभिन्न राजनीतिक दलों के लोग भी सम्मान की दृष्टि से देखते हैं।
सदर विधायक अदिति सिंह की पहल से ग्रामीण विकास को मिली नई रफ्तार
रायबरेली। सदर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में सदर विधायक अदिति सिंह की एक और पहल रंग लाई है। विधायक निधि से स्वीकृत छह महत्वपूर्ण सड़क एवं इंटरलॉकिंग निर्माण कार्यों के लिए ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (आरईएस), रायबरेली ने निविदा जारी कर दी है। इन विकास कार्यों के पूरा होने से हजारों ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। जारी निविदा के अनुसार हनुमानपुरवा, न्यू राम नगर, गुदवल टोली, चुरुवापुर और मुनेश्वर सहित विभिन्न गांवों में खड़ंजा, इंटरलॉकिंग सड़क एवं नाली निर्माण के कार्य कराए जाएंगे। इन परियोजनाओं पर लगभग 37 लाख रुपये की लागत आएगी तथा प्रत्येक कार्य को तीन माह की निर्धारित अवधि में पूरा किया जाएगा।
कानपुर नगर एवं देहात के 80 गांवों की बदलेगी तस्वीर
♦ करीब 200 वर्ग किमी क्षेत्र का तैयार हो रहा मास्टर प्लान, फील्ड सर्वे शुरू
♦ फैक्ट्रियां, स्कूल-कॉलेज समेत पहले से मौजूद निर्माण भी होंगे प्लानिंग के दायरे में
कानपुर । कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) के विस्तारित विकास क्षेत्र में शामिल 80 राजस्व गांवों के करीब 200 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र के सुनियोजित विकास के लिए मास्टर प्लान तैयार करने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। जानकारी के अनुसार, मास्टर प्लान लागू होने के बाद इन गांवों के भविष्य के विकास की दिशा तय होगी। इसके तहत आवासीय, व्यावसायिक, औद्योगिक, शैक्षणिक तथा अन्य गतिविधियों के लिए भूमि उपयोग (लैंड यूज़) निर्धारित किया जाएगा।
मास्टर प्लान तैयार करने के लिए नियुक्त टाउन प्लानिंग, जीआईएस एवं अन्य तकनीकी विशेषज्ञों की टीम इन दिनों विस्तारित क्षेत्र में फील्ड सर्वे और ग्राउंड वेरिफिकेशन कर रही है। सर्वे के दौरान मौजूदा आबादी, सड़क नेटवर्क, वर्तमान भूमि उपयोग, कॉलोनियों, औद्योगिक इकाइयों, शिक्षण संस्थानों, व्यावसायिक गतिविधियों, सार्वजनिक सुविधाओं तथा अन्य प्रमुख निर्माणों का अध्ययन किया जा रहा है।
Read More »प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ का भव्य शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न
– डॉ. अमित सिंह गौर बने अध्यक्ष, डॉ. संगम सिंह सचान बने सचिव
कानपुर: हिमांशु। प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ, कानपुर नगर की नवगठित कार्यकारिणी का भव्य शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को गैंजेस क्लब, कानपुर में सम्पन्न हुआ। समारोह में प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ, उत्तर प्रदेश की केंद्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के साथ ही निदेशक, उर्सला चिकित्सालय, अपर निदेशक (कानपुर मंडल), सीएमएस कांशीराम ट्रॉमा सेंटर, उर्सला चिकित्सालय, डफरिन चिकित्सालय, केपीएम चिकित्सालय तथा कानपुर जनपद के वरिष्ठ चिकित्सकों ने सहभागिता की।
प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ, कानपुर नगर के अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित डॉ. अमित सिंह गौर तथा सचिव पद पर डॉ. संगम सिंह सचान ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। इसके अतिरिक्त उपाध्यक्ष (महिला) पद पर डॉ. दीपमाला चक, उपाध्यक्ष (सामान्य) के दो पदों पर डॉ. अनुज दीक्षित एवं डॉ. नीरज सचान, वित्त सचिव पद पर उर्सला चिकित्सालय के डॉ. मुन्नालाल विश्वकर्मा, सदस्य (केंद्रीय कार्यकारिणी) पद पर डेंटल सर्जन डॉ. शेख हसनैन तथा संपादक पद पर डॉ. शशि रंजन पटेल ने भी शपथ ग्रहण की।
उल्लेखनीय है कि नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. अमित सिंह गौर वर्तमान में नगर स्वास्थ्य अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं तथा पूर्व में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के सचिव का दायित्व भी सफलतापूर्वक निभा चुके हैं।
लखनऊ आंदोलन के समर्थन में सासनी के बिजली संविदा कर्मी धरने पर
हाथरस। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन निविदा संविदा कर्मचारी संघ की प्रदेश कार्यकारिणी के तत्वावधान में शक्ति भवन, लखनऊ में चल रहे प्रदेशव्यापी धरना-प्रदर्शन के समर्थन में उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन निविदा संविदा कर्मचारी संघ, हाथरस के बैनर तले उपखंड सासनी के सभी बिजली संविदा कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। धरने के दौरान कर्मचारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए और सरकार तथा विभागीय अधिकारियों से समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। कर्मचारियों का कहना था कि लंबे समय से संविदा एवं निविदा कर्मचारियों की विभिन्न समस्याएं लंबित हैं, लेकिन अब तक उनका कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
आचार्य निर्भय सागर के चातुर्मास महोत्सव की तैयारियां तेज
फिरोजाबाद। आचार्य निर्भय सागर महाराज के चातुर्मास महोत्सव के आयोजन को लेकर गुरुवार को वर्षायोग समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि आचार्य श्री ससंघ आगामी चार माह तक छदामीलाल जैन मंदिर में विराजमान रहेंगे। इस दौरान प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, प्रवचन, स्वाध्याय, ध्यान, सामायिक, तप, युवा एवं महिला जागरण कार्यक्रम, बाल संस्कार शिविर सहित अनेक सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। समिति अध्यक्ष निमिष जैन ने बताया कि चातुर्मास का उद्देश्य केवल वर्षाकालीन विश्राम नहीं, बल्कि अहिंसा, आत्मसाधना, संयम और धर्म के व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से समाज में नैतिक मूल्यों को मजबूत करना है।
फिरोजाबाद उद्योग व्यापार मंडल के तहसील अध्यक्ष बने अजय कुमार
फिरोजाबाद। फिरोजाबाद उद्योग व्यापार मंडल की चुनावी बैठक बघेल धर्मशाला, ग्राम रेपुरा में प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष अंबेश शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें तहसील की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें सर्वसम्मति से तहसील अध्यक्ष पद पर अजय कुमार प्रजापति को निर्विरोध घोषित किया गया।चुनाव अधिकारी रमाशंकर दादा, सह चुनाव अधिकारी सुशील जाट, मुन्नालाल गोला एवं नवीन शर्मा की देखरेख में फिरोजाबाद तहसील की नई कार्यकारिणी का चुनाव हुआ। तहसील अध्यक्ष पद के लिए अजय कुमार प्रजापति का एकमात्र नामांकन प्राप्त होने पर उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। इसके साथ ही राजेंद्र प्रसाद महामंत्री, बच्चन सिंह लंबू कोषाध्यक्ष, श्यामवीर सिंह यादव संयुक्त महामंत्री, आकाश कुमार सह-कोषाध्यक्ष, वेद प्रकाश वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं मलखान सिंह वरिष्ठ उपाध्यक्ष सहित कुल 11 पदाधिकारियों का निर्वाचन संपन्न हुआ।
शत-प्रतिशत बच्चों के दाखिले पूर्ण कराएं खंड शिक्षाधिकारी : सीडीओ
-
शिकोहाबाद, एका ब्लॉक के विद्यालयों में नामांकन की गति धीमी मिलने पर जताई नाराजगी
फिरोजाबाद। निपुण भारत मिशन के अंतर्गत बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में सीडीओ ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि नामांकन प्रक्रिया में शत-प्रतिशत बच्चों के दाखिले पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। सीडीओ शत्रोहन वैश्य ने बैठक में कहा कि विद्यालयों का निरंतर आकस्मिक निरीक्षण किया जाए। निरीक्षण के दौरान जो भी अध्यापक अनुपस्थित पाए जाएं, उनकी रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। शिकोहाबाद एवं एका ब्लॉक के विद्यालयों में नामांकन की गति धीमी मिलने एवं खराब प्रगति पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सभी विद्यालयों में पूर्ण रूप से फर्नीचर उपलब्ध होने तथा जर्जर भवनों से शिफ्ट किए गए विद्यालयों में फर्नीचर का प्रयोग अवश्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्राथमिक विद्यालय लड़ीह के निर्माण की खराब गुणवत्ता पर सीडीओ ने सख्त नाराजगी जताई।
Jansaamna