Sunday, September 13, 2026
Breaking News

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने पर दिया जोर

फिरोजाबाद। भाजपा के नगला खंगर मंडल की मासिक बैठक चतुरा देवी मेमोरियल पब्लिक स्कूल, नगला खंगर में सम्पन्न हुई। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने को लेकर आवश्यक संगठनात्मक चर्चा की। साथ ही मंडल कार्यसमिति, शक्ति केंद्र संयोजक एवं बूथ समितियों के सत्यापन का कार्य किया गया। इस दौरान जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, डॉ. अमित गुप्ता, जिला प्रवक्ता व मीडिया प्रभारी, जिला उपाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह, राजीव यादव, शवाजीत सिंह, वीरु धाकरे, विजय तोमर, श्यामौतार भदौरिया, आशीष पांडेय, जीतू तोमर, रुपेंद्र सिकरवार, अखिलेश गौतम, बलवीर तोमर, सर्वेश तोमर, डॉ. विश्वनाथ सिंह, ओमपाल सिंह, सर्वेश भदौरिया, नितिन राठौर, दीपक बघेल, देव सिंह तोमर, अर्पित राठौर, प्रमोद यादव, रामनरेश राजपूत, महाराज राजपूत, राजेश यादव, अवनीश यादव, आलोक यादव, अमन बघेल, देवेंद्र कुशवाहा आदि मौजूद रहे।

Read More »

सुप्रीम कोर्ट से फिरोजाबाद के ग्लास उद्योगों को बड़ी राहत, छह साल पुराना मामला खत्म

फिरोजाबाद। शहर के ग्लास उद्योगों को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। वर्ष 2020 में दाखिल किए गए उन आवेदनों का सुप्रीम कोर्ट ने निस्तारण कर दिया है, जिनमें ग्लास उद्योगों के पुराने विस्तार को लेकर सवाल उठाए गए थे। न्यायालय ने उद्योगों के खिलाफ न तो कोई प्रतिकूल आदेश पारित किया और न ही पुराने विस्तार के संबंध में किसी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इससे करीब छह वर्षों से चली आ रही कानूनी अनिश्चितता का अंत हो गया है। सुप्रीम कोर्ट के इस आदेश को फिरोजाबाद के ग्लास उद्योगों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लंबे समय से पुराने विस्तार से जुड़े मामलों को लेकर उद्योग संचालकों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। अब इन मामलों में राहत मिलने से उद्योगों को बड़ी कानूनी राहत मिली है। न्यायालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में उद्योगों की स्थापना, विस्तार अथवा स्थानांतरण से जुड़े मामलों पर पहले से निर्धारित विशेषज्ञ-आधारित व्यवस्था के तहत विचार किया जाएगा।

Read More »

स्कूल का रास्ता बना दलदल, प्लॉटों से होकर गुजर रहे नौनिहाल

हाथरस। विकासखंड मुरसान के उच्च प्राथमिक विद्यालय मथु में पढ़ने वाले बच्चों के लिए स्कूल तक पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं है। विद्यालय का मुख्य रास्ता कीचड़, दलदल और जलभराव के चलते इस कदर बदहाल है कि छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को सुरक्षित पहुंचने के लिए आसपास के प्लॉटों से होकर गुजरना पड़ रहा है। स्कूल के अंदर की व्यवस्थाएं भले ही ठीक मिलीं, लेकिन विद्यालय तक पहुंचने वाले रास्ते की बदहाली ने व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की जानकारी मिलने पर एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक ह्यूमन राइट्स (एडीएचआर) की टीम ने राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय के नेतृत्व में विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने बताया कि पानी की निकासी का रास्ता अवरुद्ध होने के कारण जलभराव की समस्या बनी हुई है। बारिश के बाद रास्ते की स्थिति और भी खराब हो जाती है।

Read More »

सुहाग नगरी के शिक्षण संस्थानों में मनाई गई जन्माष्टमी

फिरोजाबाद। सुहागनगरी के शिक्षण संस्थानों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों ने राधाकृष्ण के स्वरूपों में मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में समां बांध दिया। वहीं मटकी फोड़ लीला विशेष आकर्षण का केंद्र रही। महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल में जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर श्रीकृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्ले, नर्सरी और केजी के बच्चे राधाकृष्ण के स्वरूप में बड़े ही आकर्षक दिखाई दे रहे थे। बच्चों ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का प्रदर्शन किया। कक्षा दो से पांच तक के छात्र-छात्राओं ने देवकी नंदन तुमको वंदन, घुंघटा उठा के मिला तू अंखिया, जब कान्हा ने वंशी बजाई, मैं बरसाने की छोरी, जो है अलबेला मधु नैना वाला, राधा कैसे न जले, मोहे मोर बनइयों बृंदावन को आदि भजनों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने सभी आगंतुकों का मन मोह लिया।

Read More »

मुख्यमंत्री ने किया उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का शुभारंभ

फिरोजाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को आउटसोर्स कार्मिकों के भविष्य को सुरक्षित और उज्ज्वल बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। साथ ही उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए और सफाई कर्मचारियों को किट प्रदान की गईं। नगर के पॉलीवाल हॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आउटसोर्स कार्मिकों ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं को सुना। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि आउटसोर्स कार्मिकों को प्रत्येक माह की 1 से 5 तारीख के बीच अनिवार्य रूप से मानदेय का भुगतान किया जाएगा। नए और पुराने सभी कार्मिकों के ईपीएफ एवं ईएसआई खाते अनिवार्य रूप से खोले जाएंगे। मानदेय का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में किया जाएगा। मनमाने और असमान कमीशन की व्यवस्था को समाप्त कर एकीकृत एवं पारदर्शी तंत्र स्थापित किया जाएगा।

Read More »

राम कॉलोनी में कीचड़युक्त गलियों के विरोध में भूख हड़ताल पर बैठे किसान नेता

फिरोजाबाद। श्रीराम कॉलोनी में जलभराव और कीचड़युक्त गलियों की समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन भानु के पदाधिकारियों ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत गुरुवार सुबह 10 बजे से धरना और भूख हड़ताल शुरू कर दी। राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अखिलेश शर्मा वत्स, राजबहादुर तेनगुरिया और सोनू मिश्रा भूख हड़ताल पर बैठे। उनके समर्थन में भारतीय किसान यूनियन भानु के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह भी धरना स्थल पर पहुंचे और कॉलोनीवासियों का उत्साहवर्धन किया। भाकियू भानु के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने कहा कि गुरुवार को जिलाध्यक्ष के साथ पंडित अखिलेश शर्मा वत्स और प्रदेश महासचिव संजय शर्मा जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपेंगे। ज्ञापन के माध्यम से श्रीराम और श्रीपाल कॉलोनी की गलियों का शीघ्र निर्माण कराने तथा क्षेत्रवासियों के साथ नगर निगम द्वारा किए जा रहे कथित भेदभाव से निजात दिलाने की मांग की जाएगी।

Read More »

मंदिर में शिक्षा और संस्कार दोनों मिलते हैं : निर्भय सागर

फिरोजाबाद। वैज्ञानिक संत आचार्य निर्भय सागर महाराज ससंघ द्वारा छदामीलाल जैन मंदिर में प्रतिदिन ज्ञान की वर्षा की जा रही है। धर्मसभा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रवचन सुनकर धर्मलाभ ले रहे हैं। आचार्य श्री ने धर्मसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा देश सहिष्णुता और सर्वधर्म समभाव की भावना वाला देश है। दिगंबरत्व हमारी संस्कृति है और यह विश्वव्यापी धर्म है। उन्होंने कहा कि दिगंबरत्व वासना का नहीं, उपासना का प्रतीक है। यह प्रदर्शन का नहीं, बल्कि आत्मदर्शन का प्रतीक है। दिगंबरत्व आत्मसाधना के लिए है, भौतिक साधनों के लिए नहीं। उन्होंने कहा कि मनुष्य निर्विकार और निष्कपट होकर जीवन जीने का प्रयास करे। जब मनुष्य विषय-वासनाओं से मुक्त होकर निश्चल भाव से आत्मसाधना करता है, तभी परमात्मा की प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर स्वामी ने आत्मशुद्धि और साधना का संदेश दिया। केवल बाहरी रूप बदलने से मोक्ष की प्राप्ति नहीं होती, बल्कि जीवित रहते हुए शरीर को नश्वर मानकर आत्मा में स्थित परम तत्व की साधना करने से शिवत्व की प्राप्ति होती है।

Read More »

सरकारी स्कूलों की बदहाली पर एडीएचआर की पहल, प्रशासन ने शुरू कराई कार्रवाई

हाथरस। सरकारी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने की मांग को लेकर एडीएचआर द्वारा दिए गए ज्ञापन का जिला प्रशासन ने संज्ञान लिया है। जिलाधिकारी अतुल वत्स के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को विद्यालयों में आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। एडीएचआर के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय और जिलाध्यक्ष कमलकांत दोवराबाल ने 27 अगस्त को जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर सरकारी विद्यालयों में पेयजल, शौचालय, जर्जर भवनों की मरम्मत, सुरक्षित कक्षाएं, फर्नीचर, पर्याप्त शिक्षक, मध्यान्ह भोजन, बिजली, पंखे, खेल मैदान तथा बालिकाओं और दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाओं सहित 18 प्रमुख बिंदुओं पर सुधार की मांग उठाई थी। बीएसए की ओर से जारी पत्र में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के विद्यालयों का निरीक्षण करने, सामने आने वाली कमियों को दूर कराने और की गई कार्रवाई की आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इससे विद्यालयों की मूलभूत सुविधाओं में सुधार की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।

Read More »

एनसीआरटी की पाठ्य-पुस्तकों का शिक्षा में अहम योगदान: प्रहलाद जोशी

कविता पंत: नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री प्रल्हाद जोशी ने आज कहा कि एनसीईआरटी ने छह दशकों से अधिक समय से विशेष रूप से अपनी पाठ्यपुस्तकों और शिक्षण सामग्री के माध्यम से भारतीय शिक्षा प्रणाली में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। शिक्षा मंत्री एनसीईआरटी मुख्यालय में आयोजित उसके 66वें स्थापना दिवस समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 ने स्कूली शिक्षा में सुधारों के लिए एक ढांचा प्रदान किया है, जिसमें समग्र विकास, रचनात्मकता, आलोचनात्मक सोच, अनुभवात्मक अधिगम और योग्यता-आधारित शिक्षा पर जोर दिया गया है। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर के लिए राष्ट्रीय पाठ्यचर्या ढांचा (एनसीएफ-एफएस) 2022, स्कूली शिक्षा के लिए राष्ट्रीय पाठ्यचर्या ढांचा (एनसीएफ-एसई) 2023 और कक्षा 1 से 9 तक के लिए नई पाठ्यपुस्तकों के विकास पर एनसीईआरटी के कार्यों पर प्रकाश डाला। बहुभाषी शिक्षा की दिशा में एनसीईआरटी के प्रयासों की सराहना करते हुए श्री जोशी ने बताया कि कक्षा 1 से 8 तक की पाठ्यपुस्तकें संविधान की आठवीं अनुसूची में सूचीबद्ध सभी 22 भाषाओं में तैयार की जा रही हैं, साथ ही 93 जनजातीय भाषाओं सहित विभिन्न भारतीय भाषाओं में 121 प्राथमिक पुस्तकें भी तैयार की जा रही हैं।

Read More »

15 हजार रुपये मानदेय की मांग को लेकर ठेका कर्मचारियों ने की कामबंद हड़ताल

फिरोजाबाद। नगर निगम में तैनात ठेका कर्मचारियों ने 15 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय की मांग को लेकर मंगलवार सुबह कामबंद हड़ताल शुरू कर दी। आगरा नगर निगम की तर्ज पर मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर कर्मचारी सुबह छह बजे से काम से विरत रहे और बड़ी संख्या में नगर निगम परिसर में एकत्र होकर धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से नगर निगम की सफाई व्यवस्था समेत अन्य कार्य प्रभावित होने की स्थिति बन गई। ठेका कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से कम मानदेय पर कार्य कर रहे हैं। महंगाई के मौजूदा दौर में कम मानदेय में परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है। कर्मचारियों ने मांग की कि आगरा नगर निगम की तर्ज पर उन्हें भी 15 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पर सकारात्मक निर्णय होने तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे। सुबह से ही कर्मचारी नगर निगम परिसर में धरने पर बैठ गए और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी कर विरोध जताया। हड़ताल की सूचना मिलते ही नगर निगम अधिकारी सक्रिय हो गए।

Read More »