श्याम बिहारी भार्गव: मथुरा। जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान की शुरुआत हो गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधा बल्लभ के मार्गदर्शन में उच्च प्राथमिक विद्यालय महावन, विकासखंड बलदेव में बच्चों को एलबेंडाजोल की गोली खिलाकर अभियान का शुभारंभ किया गया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी भी मौजूद रहे। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक कुमार ने बताया कि एक से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोर-किशोरियों में कृमि संक्रमण की आशंका रहती है। संक्रमण के कारण बच्चों में कुपोषण की समस्या भी हो सकती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि एक से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोर-किशोरियों को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान के तहत एलबेंडाजोल की दवा जरूर खिलाएं। उन्होंने बताया कि कृमि मुक्ति अभियान का उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाकर स्वस्थ रखना है। अभियान को सफल बनाने में अभिभावकों, शिक्षकों और स्वास्थ्य विभाग की भूमिका महत्वपूर्ण है।
जन सांस्कृतिक मंच की स्वर्ण जयंती पर 23 अगस्त को होगा कंप्यूटर ओलिंपियाड
मथुरा। जन सांस्कृतिक मंच मथुरा की स्वर्ण जयंती के अवसर पर 23 अगस्त को प्रस्तावित कंप्यूटर ओलिंपियाड की तैयारियों को लेकर आयोजन समिति की बैठक हुई। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए बताया गया कि मथुरा के प्रमुख 30 विद्यालयों से अब तक 500 से अधिक विद्यार्थियों के रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं और यह संख्या लगातार बढ़ रही है। कुछ विद्यालयों में परीक्षाएं होने के कारण विद्यार्थियों को रजिस्ट्रेशन में आ रही दिक्कतों को देखते हुए पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 अगस्त से बढ़ाकर 15 अगस्त कर दी गई है। आयोजन समिति के अनुसार कंप्यूटर ओलिंपियाड के साथ ब्रज को स्वच्छ बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में भी मंच सहयोग करेगा। ओलिंपियाड में शामिल सभी प्रतिभागी ब्रज को स्वच्छ बनाने का संकल्प लेंगे। कार्यक्रम में मथुरा-वृंदावन नगर निगम के आयुक्त ओजस्वी राज, आईएएस मुख्य अतिथि होंगे।
आरेडिका में साइकिल रेस प्रतियोगिता, 250 प्रतिभागियों ने दिखाया उत्साह
रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका), रायबरेली के खेल-कूद संघ की ओर से स्वस्थ जीवनशैली, फिटनेस और खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से साइकिल रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में करीब 250 बालक-बालिकाओं, महिलाओं और पुरुषों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को आयु एवं वर्ग के अनुसार विभिन्न श्रेणियों में विभाजित किया गया था। पुरुष वर्ग में 7 से 10 वर्ष, 10 से 12 वर्ष, 12 से 15 वर्ष, 15 से 20 वर्ष, 20 से 35 वर्ष तथा 35 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में प्रतिभागियों ने भाग लिया। महिला वर्ग में भी विभिन्न आयु वर्गों की प्रतिभागियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन का उद्देश्य कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को नियमित व्यायाम, साइकिलिंग और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा। विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों में महिला वर्ग में रोहिनी ने प्रथम, पूजा पाल ने द्वितीय और संगीता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
जिसकी तस्वीर कभी छपी नहीं, वही आंदोलन की पहली आवाज़ था
इतिहास के गुमनाम सिपाही : आंदोलन इतिहास बनाते हैं, पत्रकार उसकी पहली आवाज़ दर्ज करते हैं!
आंदोलन खत्म हो गया, नेता याद रह गए—पत्रकार फिर अगले संघर्ष में निकल पड़े!
इतिहास की एक अजीब आदत है। वह हमेशा विजेताओं के नाम याद रखता है, लेकिन विजय की नींव रखने वालों को अक्सर भूल जाता है। वह मंच पर खड़े नेताओं की तस्वीरें छापता है, नारों को याद रखता है, भाषणों को उद्धृत करता है, समझौतों की तारीखें लिखता है और इस्तीफों को लोकतंत्र की जीत घोषित कर देता है। लेकिन इतिहास की किताबों में शायद ही कभी उस आदमी का नाम मिलता है जिसने सबसे पहले अपनी जेब से कलम निकाली, मोबाइल निकाला, कैमरा चालू किया और देश को बताया—”यहाँ कुछ ऐसा हो रहा है जिसे पूरे देश को देखना चाहिए।”
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत परिणय सूत्र में बंधे 36 जोड़े
चंदौली। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत विकासखंड सदर स्थित द जीत पैलेस लॉन, सकलडीहा रोड, चंदौली में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कुल 36 जोड़ों का वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न कराया गया। इस दौरान नवविवाहित जोड़ों को शासन द्वारा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार सुखद दांपत्य जीवन के लिए उपहार सामग्री एवं बर्तन किट वितरित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक रमेश जायसवाल, ब्लॉक प्रमुख सदर सहित विकासखंड स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी तथा समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। इस अवसर पर कहा गया कि राज्य सरकार गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का सम्मानजनक विवाह संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
छह जिलों में होंगी अग्निवीर भर्ती रैलियां
लखनऊ। प्रदेश के छह जिलों में अग्निवीर भर्ती रैलियों का आयोजन किया जाएगा। भर्ती रैलियों की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें संबंधित विभागों और जिला प्रशासन की तैयारियों की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अग्निवीर भर्ती की यह तीसरी रैली है, जिसमें बड़ी संख्या में युवा अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने भर्ती स्थलों पर आवागमन, ठहरने, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा, सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सभी व्यवस्थाओं की समय से समीक्षा कर कमियों को दूर करने के निर्देश दिए।
बीबीएयू में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए पंजीकरण 11 से 18 अगस्त तक
लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के विभिन्न पाठ्यक्रमों में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए सीयूईटी/नॉन-सीयूईटी अभ्यर्थियों की पंजीकरण प्रक्रिया 11 से 18 अगस्त 2026 तक चलेगी। विश्वविद्यालय की ओर से जारी प्रवेश काउंसलिंग कार्यक्रम के अनुसार, रिक्त सीटों पर प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित अवधि में पंजीकरण करा सकते हैं। विश्वविद्यालय में द्वितीय स्पॉट काउंसलिंग 19 अगस्त 2026 को आयोजित की जाएगी। स्पॉट काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। पात्र अभ्यर्थियों के लिए शुल्क जमा करने हेतु चालान जनरेट किया जाएगा।
ठेका सफाई कर्मचारी संघ ने नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश ठेका सफाई कर्मचारी संघ ने चनौरा स्थित एमआइएएफ प्लांट में कार्यरत कर्मचारियों के शोषण का आरोप लगाते हुए नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार वाल्मीकि, प्रदेश महामंत्री विकास चंद्र वाल्मीकि ने नगर आयुक्त प्रशांत नागर को सौंपे ज्ञापन में कार्यदायी संस्था मैसर्स एनवायरनमेंट टेक्नो प्राइवेट लिमिटेड पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सुरक्षा किट के अभाव में बिना गमबूट, ग्लव्स व मास्क के नंगे हाथ-पैर कचरा छंटाई करने से कर्मचारी गंभीर स्किन इंफेक्शन के शिकार हो रहे हैं, जो सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स, 2016 का सीधा उल्लंघन है। 480 रुपये दिहाड़ी पर काम कर रहे मजदूरों द्वारा किट मांगने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है।
स्वस्थ समाज की नींव स्वस्थ माताओं और बच्चों से रखी जाती है-डॉ. दिलीप यादव
फिरोजाबाद। एफ.एस. कॉलेज ऑफ नर्सिंग में विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य माताओं एवं समाज को शिशु के लिए स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा विद्यार्थियों में स्वास्थ्य संबंधी सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा। विद्यार्थियों ने प्रस्तुतियों के माध्यम से संदेश दिया कि मां का दूध शिशु के लिए सिर्फ आहार नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन की पहली मजबूत नींव है। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने आकर्षक पोस्टर प्रेजेंटेशन के माध्यम से स्तनपान के लाभ, मां के दूध की पौष्टिकता तथा नवजात शिशु के स्वास्थ्य में इसके महत्व पर प्रकाश डाला। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्तनपान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने और माताओं को जागरूक करने का प्रभावी संदेश दिया।
देश की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है तिरंगा-डॉ. सतीश दिवाकर
फिरोजाबाद। भारतीय जनता पार्टी महानगर द्वारा हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से एक बैठक महानगर अध्यक्ष के कैंप कार्यालय पर आयोजित हुई। बैठक में 13 अगस्त को निकलने वाली भव्य तिरंगा यात्रा और घर-घर तिरंगा पहुंचाने की तैयारियों पर चर्चा की गई। महानगर अध्यक्ष डॉ. सतीश दिवाकर ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि 13 से 15 अगस्त तक चलने वाले हर घर तिरंगा अभियान को जनभागीदारी का अभियान बनाते हुए प्रत्येक घर तक तिरंगा पहुंचाने और नागरिकों को तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करें। बैठक में मंडल अध्यक्षों को बूथ एवं शक्ति केंद्र स्तर तक अभियान को पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को तिरंगा यात्रा से जोड़ने की जिम्मेदारी दी गई। सभी पदाधिकारियों ने 13 अगस्त की तिरंगा यात्रा को भव्य बनाने और अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
Jansaamna