फिरोजाबाद। हिंदू नववर्ष अर्थात वर्ष प्रतिपदा के अवसर पर रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की ओर से चंद्रनगर महानगर में भव्य पथ संचलन आयोजित किया गया। इस पथ संचलन में 1220 स्वयंसेवकों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और गाजे-बाजे के साथ पूरे गणवेश में इस आयोजन को सफल बनाया। इस दौरान स्वयंसेवकों का जगह-जगह स्वागत किया गया, जहां स्थानीय निवासियों ने उन पर पुष्प वर्षा की।
पथ संचलन के मार्ग को खास तौर पर सजाया गया था। मार्ग के दोनों किनारों पर केशरिया ध्वज और आकर्षक रंगोलियां बनाई गईं, जो इसे और भी भव्य बना रही थीं।
सड़कों पर नमाज अदा करने के विरोध को चिराग पासवान ने बताया बेकार
राजीव रंजन नाग: नई दिल्ली। सड़कों पर नमाज अदा करने वाले मुसलमानों के खिलाफ हो रहे विरोध को खारिज करते हुए केंद्रीय मंत्री और भाजपा के सहयोगी चिराग पासवान ने इसे “बेकार विषय” करार दिया। उन्होंने कहा कि देश में कई अन्य बड़े मुद्दे हैं, जिन पर चर्चा की जरूरत है, और यह विषय पूरी तरह से निरर्थक है।
एक टीवी कार्यक्रम में जब लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता से पूछा गया कि सड़कों पर नमाज अदा करने के विरोध पर उनका क्या कहना है, तो उन्होंने कहा, “यह बेकार की बात है। इस पर चर्चा ही नहीं होनी चाहिए, यह निरर्थक है। देश में कई बड़े मुद्दे हैं जिन पर हमें चर्चा करने की जरूरत है। समस्या यह है कि जब हम इन अप्रासंगिक विषयों पर बात करना शुरू करते हैं, तो समाज और देश में तनाव का माहौल पैदा होता है। बिना किसी कारण के समुदायों और लोगों के बीच दरार पैदा होती है।”
वसंतीय नवरात्रि महापर्व के पहले दिन गंगा स्नान और कलश स्थापना का आयोजन
ऊंचाहार, रायबरेली। वसंतीय नवरात्रि महापर्व के पहले दिन गोकर्ण तीर्थ स्थित गोकना घाट पर हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया और घरों तथा मंदिरों में नवदुर्गा कलश स्थापना की। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने माता रानी के जयकारे लगाते हुए गंगा जल से मंदिरों में अभिषेक किया। साथ ही, मां शैलपुत्री के रूप में नवरात्र की शुरुआत हुई।
गोकना घाट पर आयोजित मेले में श्रद्धालुओं ने खरीदारी की और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। मां गंगा गोकर्ण जन कल्याण सेवा समिति के सचिव पंडित जितेंद्र द्विवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर 10,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया। उन्होंने यह भी बताया कि आज के दिन प्रभु श्रीराम, महाराज युधिष्ठिर और सम्राट विक्रमादित्य का राज्य अभिषेक भी हुआ था। इसी दिन को हिंदू नव वर्ष के रूप में भी मनाया जाता है।
नवसंवत्सर की मंगलकामनाओं के साथ नववर्ष मेला का हुआ समापन
मथुरा। नववर्ष मेला समिति के तत्वावधान में सेठ बी०एन० पोद्दार इंटर कॉलेज में आयोजित 24वें विशाल नववर्ष मेला के नववर्ष समारोह का समापन हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री राधावल्लभ संप्रदाय के प्रधान पीठाधिपति तिलकायत अधिकारी गोस्वामी श्रीहित मोहित मराल जी महाराज ने नवसंवत्सर की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्री कृष्ण ने धर्म की रक्षा के लिए ब्रजभूमि में जन्म लिया था। हमें भी आज से यह प्रण लेना होगा कि हम हिंदू तिथि के अनुसार अपना जन्म दिवस और सालगिरह मनाएंगे।
उन्होंने आगे कहा कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा पर हमें अपने घरों पर पीला ध्वज फहराना चाहिए, कलश और स्वास्तिक बनाकर इस दिन को त्योहार की तरह मनाना चाहिए।
भगवान परशुराम की विशाल शोभायात्रा निकाली
हाथरस। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा नव संवत्सर रविवार को विप्र कुल शिरोमणि भगवान परशुराम की विशाल एवं ऐतिहासिक शोभायात्रा शहर में निकाली गई। इस अवसर पर भगवान परशुराम के रथ को फूलों और रंगीन लाइटों से सुसज्जित किया गया था, जिससे शोभायात्रा को और भी भव्यता प्राप्त हुई।
शोभायात्रा के शुभारंभ से पहले विप्र बंधुओं का स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें हजारों विप्र बंधुओं को सम्मानित किया गया। इसके बाद शोभायात्रा में जनपद भर से विप्र बंधुओं ने भाग लिया और भगवान परशुराम के जयकारे लगाए।
स्कूल, कॉलेज, मंदिर सहित भीड़भाड़ इलाकों से शराब का ठेका दूर करने की उठ रही आवाज, चौहान गुट ने सौंपा ज्ञापन
रायबरेली। यूपी में 31 मार्च के पूर्व शराब ठेका का नवीनीकरण के बाद अब नए ठेकेदार शराब ठेका खोलने के लिए कुछ पुराने व नई दुकानों के चयन कर रहे हैं। जिसके बाद स्कूल, कॉलेज, मंदिर सहित भीड़भाड़ इलाकों से ठेका दूर करने की लोगों की आवाजें उठती दिखाई दे रही है। प्रदेश मीडिया प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर के नई गल्ला मंडी हनुमान मंदिर निकट नवीनीकरण के बाद शराब का ठेका खुलने से आसपास के व्यापारी आक्रोशित हैं। जिसको लेकर प्रदेश अध्यक्ष जीसी सिंह चौहान के नेतृत्व में चौहान गुट के दर्जनों व्यापारियों के साथ जिलाध्यक्ष मो उमर ने डीएम कार्यालय पहुंचकर एक ज्ञापन सौंपा है।
घर डेकोरेशन सामग्री प्रतियोगिता में रीता ने मारी बाजी
फिरोजाबाद। दाऊदयाल महिला महाविद्यालय में गृह विज्ञान विभाग द्वारा घर को डेकोरेशन करने के सामान बनाने की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें 40 छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता का आयोजन गृह विज्ञान विभाग की डॉ नूतन राजपाल, नीतू सिंह एवं शिखा यादव के कुशल नेतृत्व में घर को सुंदरता प्रदान करने हेतु कलात्मक फूलदान, पेरदान, फोटो फ्र्रेम, बंदनवार एवं अन्य सामग्री बनाने की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें सभी छात्रों ने अपनी अद्भुत कला कौशल का प्रदर्शन किया। नीर क्षीर विवेकी निर्णायक मंडल में प्रो विनीता गुप्ता, प्रो विनीता यादव एवं शालिनी ने सर्वसम्मति से निर्णय देकर कार्यक्रम को सफल आयाम प्रदान किया।
चार मई को निकलेगी भगवान परशुराम की शोभायात्रा
फिरोजाबाद। जिला ब्राह्मण महासभा द्वारा चार मई को भगवान परशुराम की शोभायात्रा धूमधाम से निकाली जायेगी। शोभायात्रा का अध्यक्ष तरूण उपाध्याय एवं संयोजक दिनेश वशिष्ठ को बनाया गया है।
जिला ब्राह्मण महासभा पंजीकृत के जिलाध्यक्ष शिवकुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार भगवान परशुराम की शोभायात्रा 4 मई दिन रविवार शाम तीन बजे से रसूलपुर स्थित राजा दालमील से निकाली जायेगी। जो कि छोटा चौराहा, घंटाघर, सदर बाजार, जलेसर रोड, पुराना डाकखाना चौराहा होते हुए परशुराम शिविर रामलीला ग्राउण्ड पर पहुंचकर सम्पन्न होगी। शोभायात्रा में इस बार भी पुरुषों के साथ महिला शक्ति भी शामिल होंगी।
टीबी मुक्त पंचायतों के ग्राम प्रधानों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं प्राइवेट चिकित्सालयों को किया सम्मानित किया
चंदौली। चंदौली में टीबी मुक्त हुई 129 ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों, स्वयंसेवी संस्थाओं और प्राइवेट चिकित्सालयों को जिलाधिकारी निखिल टी फुंडे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। इस मौके पर विश्व क्षय रोग दिवस और टीबी मुक्त पंचायत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि वर्ष 2024 में चंदौली जिले में कुल 129 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त हुई हैं। इनमें से 12 ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों को गांधी जी की कांस्य प्रतिमा एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह का किया आयोजन
सलोन,रायबरेली। प्राथमिक विद्यालय किठावा एवं प्रा वि समसपुर में आज सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। किठावा से राजमोहन सिंह तथा समसपुर खालसा से राकेश गुप्ता सेवानिवृत्त हुए। एक भव्य कार्यक्रम किठावा विद्यालय के शिक्षक साथियों ने सेवानिवृत शिक्षक राजमोहन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित किया। उपस्थित शिक्षकों ने उनके सेवा भावों को याद करते हुए सम्मानित किया। अध्यक्ष प्रा० शिक्षक संघ राजेश पांडेय ने कहा कि शिक्षक कभी रिटायर नहीं होता, वह सेवा से मुक्त हुए हैं, समाज में पथ प्रदर्शक का कार्य करते रहे। भूत पूर्व शिक्षक मो इस्माइल खान ने कहा कि जिंदगी में बड़ी शिद्दत से निभाओ अपना किरदार, कि पर्दा गिरने के बाद भी तालियां बजती रहें। सुखराम शर्मा सागर ने कविता के माध्यम से सम्मान किया।