फिरोजाबाद। शिव महापुराण कथा एवं रुद्र महायज्ञ का आयोजन 21 से 27 अगस्त तक नगर के पालीवाल हॉल में किया जाएगा। इसकी भव्य कलश यात्रा 21 अगस्त को राधाकृष्ण मंदिर से निकाली जाएगी। इसमें 251 मातृशक्ति सिर पर मंगल कलश धारण कर श्रद्धा एवं भक्ति के साथ यात्रा में शामिल होंगी। कलश यात्रा नारी शक्ति, सनातन संस्कृति और भगवान शिव के प्रति आस्था का संदेश देगी। शिव महापुराण कथा का वाचन प्रणवपुरी महाराज द्वारा किया जाएगा। कथा में प्रधान यजमान राकेश गोयल एवं मीरा गोयल तथा मुख्य यजपति नीरज जिंदल एवं शिल्पा जिंदल होंगी। वार्ता के दौरान देवव्रत पांडेय, डॉ. उपेंद्र गर्ग, भानु उपाध्याय, राजेश दुबे आदर्श, राजवर्धन सिंह, राकेश गोयल, विक्की अग्रवाल, अनुज अग्रवाल, अनन्य जिंदल, नितिन अग्रवाल, अमित जैन राजा, बृजेश यादव आदि मौजूद रहे।
आगरा कैंट स्टेशन और रेलवे कॉलोनी की जलापूर्ति व्यवस्था होगी मजबूत
आगरा/मथुरा। यात्रियों और रेलकर्मियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में आगरा मंडल द्वारा लगातार कार्य किए जा रहे हैं। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन में आगरा कैंट रेलवे स्टेशन और रेलवे कॉलोनियों की जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पांच नई ओवरहेड वाटर टंकियां तैयार की गई हैं। इन नई टंकियों के निर्माण का उद्देश्य स्टेशन और रेलवे कॉलोनियों में जलापूर्ति को सुचारू एवं व्यवस्थित बनाए रखने के साथ जल भंडारण क्षमता बढ़ाना है। इससे आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी और जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत आधार मिलेगा। पांच नई ओवरहेड वाटर टंकियों में से चार का निर्माण पाइपलाइन सहित पूरा हो चुका है। वहीं, एक टंकी का निर्माण कार्य पूरा हो गया है, जबकि उससे संबंधित पाइपलाइन बिछाने का कार्य प्रगति पर है।
परिवहन विभाग ने शुरू किया 15 दिवसीय सुरक्षा अभियान
मथुरा। परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश मुख्यालय के निर्देश पर प्रदेशभर में अनफिट एवं सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले स्कूली वाहनों के खिलाफ 15 दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान ‘मिशन सेफ फ्यूचर 2.0’ शुरू किया गया है। अभियान 11 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक चलेगा। एआरटीओ (प्रवर्तन) राजेश राजपूत के निर्देशन में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन द्वितीय दल) सतेंद्र कुमार सिंह, यात्रीकर अधिकारी संदीप चौधरी और यात्रीकर अधिकारी पूजा सिंह ने जिले में संचालित स्कूली बसों, वैन तथा निजी और अनुबंधित वाहनों की जांच की। टीम ने वाहनों की फिटनेस, परमिट, प्राथमिक उपचार बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, चालकों की योग्यता और आवश्यक दस्तावेजों की गहनता से पड़ताल की। जांच के दौरान सुरक्षा मानकों में कमी, अनफिट वाहनों के संचालन और आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने पर 15 स्कूली वाहनों (बस और ईको) के चालान किए गए। वहीं, तीन स्कूली वाहनों को जिले के विभिन्न थानों में निरुद्ध किया गया।
सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता पर बहाने नहीं, अब जवाब दीजिये!
उत्तर प्रदेश में सरकारी विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था को लेकर योगी सरकार द्वारा अनेक दावे किये जाते हैं। जैसे कभी कायाकल्प की तस्वीर दिखाई जाती है, कभी स्मार्ट कक्षाओं और सुविधाओं का ढिंढोरा पीटा जाता है, तो कभी नामाँकन बढ़ने को उपलब्धि बताकर अपनी पीठ थपथपाई जाती है। लेकिन, असली सवाल आज भी वहीं खड़ा है कि, ‘सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को क्या गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है ?’
यदि जवाब संतोषजनक नहीं है तो फिर करोड़ों रुपये खर्च करने और योजनाओं की लम्बी सूची गिनाने और ढिंढोरा पीटने का औचित्य क्या है ? शिक्षा का स्तर क्यों दिनों दिन गिरता जा रहा है ?
जमीनी हकीकत यह है कि आम अभिभावक, जो आर्थिक रूप से बहुत सक्षम नहीं है, वह भी अपने बच्चों को निजी विद्यालयों में भेजने के लिये मजबूर हो रहा है। उसे मालूम है कि, ‘निजी विद्यालयों की भारीभरकम फीस देनी पड़ेगी, कमीशन का लेप लगाकर तैयार की गई किताबें-कॉपी खरीदनी होंगी, ड्रेस और अन्य खर्चों का बोझ लादा जाया जायेगा।’ यह सबकुछ जानने के बावजूद अभिभावक यह मानकर अपनी मेहनत का पैसा खर्च कर रहा है कि, ‘निजी विद्यालय में कम से कम उसके बच्चे को बेहतर शिक्षा मिल सकेगी।’
अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर विशेष: बागपत के युवाओं ने भरी उड़ान, गांव से निकले और दुनिया में छाए
विश्व बंधु शास्त्री: बागपत। उत्तर प्रदेश में बागपत की पहचान लंबे समय तक गन्ने की खेती, किसान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जुझारू संस्कृति से जुड़ी रही है। अब इस पहचान में एक और अध्याय तेजी से जुड़ रहा है, और वह है बागपत के युवाओं की प्रतिभा। ट्यौढ़ी के अमन कुमार डिजिटल नवाचार और युवा नेतृत्व के जरिए राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचे, खेकड़ा की रेणुका पंवार की आवाज देशभर में गूंजी, धनौरा के राहुल प्रजापति ने हृदय प्रत्यारोपण के बाद विश्व ट्रांसप्लांट गेम्स में पदक जीतकर मिसाल कायम की, बरनावा की नैंसी त्यागी अपने हाथों से तैयार परिधान में कान्स के रेड कार्पेट तक पहुंचीं और खेकड़ा के सचिन यादव ने जैवलिन रिकॉर्ड कायम किया। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर बागपत की यह तस्वीर इसलिए खास है क्योंकि इन युवाओं के रास्ते अलग हैं, क्षेत्र अलग हैं और संघर्ष भी अलग। लेकिन मंजिल एक जैसी है। अपने दम पर पहचान बनाना और बागपत का नाम जिले की सीमाओं से बाहर ले जाना।
Read More »खाना खाने के बाद महिला की संदिग्ध मौत
अनुपम दुबे: कानपुर देहात। थाना राजपुर क्षेत्र के बिजहरा गांव में सोमवार रात खाना खाने के बाद एक 45 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की पहचान सीमा देवी पत्नी रमाशंकर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, खाना खाने के बाद सीमा देवी चारपाई पर लेटी थीं। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तत्काल राजपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. हरदीप ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर राजपुर चौकी इंचार्ज गुरेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतका की मां सुनीता ने महिला की मौत को संदिग्ध बताया है।
नगर पंचायत सिकंदरा में गूंजा वंदे मातरम, निकली भव्य तिरंगा यात्रा
पंडित अनुपम दुबे: कानपुर देहात। नगर पंचायत सिकंदरा में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना के बीच वंदे मातरम के सामूहिक गायन और तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। नगर पंचायत कार्यालय से शुरू हुई तिरंगा यात्रा पटेल चौराहे तक पहुंची। इसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर सहभागिता की। यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष से माहौल देशभक्ति से सराबोर रहा। नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने श्रद्धाभाव के साथ वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया। कार्यक्रम में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार अजीत सिंह पाल की मौजूदगी रही।
बिना रॉयल्टी और ओवरलोडिंग के खिलाफ कार्रवाई, 31 वाहन निरुद्ध
पंडित अनुपम दुबे: कानपुर देहात। बिना रॉयल्टी, वैध परिवहन प्रपत्र के अभाव और ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रशासन की संयुक्त टीम ने मंगलवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान 31 वाहनों को पकड़ा गया और करीब 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में मंगलवार 11 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे उपजिलाधिकारी सिकंदरा, सहायक संभागीय अधिकारी, यात्री कर अधिकारी और खान अधिकारी कानपुर देहात की संयुक्त टीम ने तहसील सिकंदरा क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने गोपाल ढाबा और ओमी ढाबा पर खड़े वाहनों की जांच की। इस दौरान बिना रॉयल्टी, वैध परिवहन प्रपत्र के अभाव और ओवरलोडिंग पाए जाने पर 31 वाहनों को निरुद्ध कर दिया गया। सभी वाहनों को जिलाधिकारी के अग्रिम आदेश तक थाना सिकंदरा में निरुद्ध रखा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
जनपद में निकली तिरंगा यात्रा
फिरोजाबाद। भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत मंगलवार को पूरे जनपद में तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर निकले भाजपा कार्यकर्ताओं और राष्ट्रप्रेमियों ने पूरे मार्ग में देशभक्ति के नारों के साथ वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। भाजपा दक्षिण मंडल के अध्यक्ष देश दीपक गुप्ता राजा के नेतृत्व में छारबाग तिराहे से तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि सदर विधायक मनीष असीजा, भाजपा महानगर अध्यक्ष डॉ. सतीश दिवाकर ने छारबाग तिराहे स्थित निषादराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष के साथ निकले। तिरंगा यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई चंद्रवार गेट पुल स्थित स्वतंत्रता सेनानी स्व. कालीचरण गुप्ता के आवास पर पहुंची। यहां स्वतंत्रता सेनानी के पुत्र सुरेश चंद्र गुप्ता का स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को याद करते हुए उनके त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेने का आह्वान किया गया।
जनपदवासी तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अवश्य अपलोड करें : जिलाधिकारी
फिरोजाबाद। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत संचालित ‘‘हर घर तिरंगा‘‘ अभियान के तहत विकास भवन परिसर में तिरंगा मेला एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजकीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित तिरंगा झंडों का बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया गया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान हमारे राष्ट्रीय गौरव, अस्मिता और देश प्रेम का प्रतीक है। समूह की बहनें तिरंगा बनाने का सराहनीय कार्य कर रही हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सभी जनपदवासी तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी हर घर तिरंगा डॉट कॉम पर अवश्य अपलोड करें। हमारी प्राथमिकता है कि जनपद की प्रत्येक ग्राम पंचायत, नगर पंचायत, नगर पालिका एवं नगर निगम से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाए और हर नागरिक में राष्ट्रभक्ति व स्वावलंबन की भावना प्रबल हो। मुख्य अतिथि सदर विधायक मनीष असीजा ने बच्चों और युवाओं से संवाद करते हुए उन्हें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेने का आग्रह किया।
Jansaamna